चंदौली में बुलडोजर एक्शन: सपा कार्यालय समेत 50 दुकानों को किया गया ध्वस्त, पूर्व प्रमुख से हुई नोकझोंक
Chandauli News: चंदौली जिले में सड़क चौड़ीकरण को लेकर सपा कार्यालय पर बुलडोजर चलाया गया। इसके साथ ही 50 दुकानों को जमींदोज किया गया। इस दौरान पूर्व प्रमुख और सपा नेता के बीच नोकझोंक भी हुई।
विस्तार
चंदौली जिले में सड़क चौड़ीकरण को लेकर नगर में चल रहा अतिक्रमण हटाओ अभियान शुक्रवार को भी जारी रहा। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के कार्यालय भवन पर भी बुलडोजर चलाया गया। इस दौरान सपा नेता और पूर्व प्रमुख बाबूलाल से नोकझोंक भी हुई।
इस दौरान लगभग 50 दुकानों के सामने फोरलेन के डिवाइडर के बीच से 48 फीट तक अतिक्रमण हटाया गया। जिला व पुलिस प्रशासन के साथ नगर पालिका और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की मौजूदगी में चले अभियान के दौरान लोगों की भारी भीड़ लगी रही। वहीं अतिक्रमण हटाने के दौरान सड़क को वन-वे कर दिए जाने से घंटों जाम लगा रहा, जिससे राहगीरों को परेशानी हुई।
सुबह 10 बजे के करीब एसडीएम अनुपम मिश्रा, सीओ अरुण कुमार सिंह, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन राजेश कुमार, पीडीडीयू नगर पालिका के ईओ नगर पालिका राजीव मोहन सक्सेना, कोतवाल विजय प्रताप सिंह सहित भारी पुलिसबल की निगरानी में दो बुलडोजरों से अतिक्रमण हटाना आरंभ किया गया।
इस दौरान गल्ला मंडी के सामने सड़क की दक्षिणी पटरी पर बनी दुकानों से लेकर जीटीआर ब्रिज के समीप बने सपा कार्यालय तक के करीब 50 दुकानों को नाप के अनुसार बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। ध्वस्तीकरण के दौरान उड़ रही धूल से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
इसे भी पढ़ें; दूल्हे की मौत से पसरा मातम: पल भर में चीख-पुकार में बदल गईं दो परिवारों की खुशियां, चार दिन बाद होनी थी शादी
अभियान शाम के चार बजे तक चलता रहा। इस दौरान आसपास के क्षेत्र की बिजली भी गुल रही क्योंकि अतिक्रमण की जद में आए दुकानों के बिजली के तार काटे जा रहे थे। इससे पूरी दोपहर लोगों का गर्मी से हाल बेहाल रहा। अभियान रुकने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।