जौनपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली व उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के तत्वावधान में रविवार को पुलिस लाइन में विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजन किया गया। जिला जज सुशील कुमार शशि ने अधिवक्ताओं को न्याय की भूमिका में अग्रणी बताया। कहा कि हमारे संविधान में लोगों को निशुल्क न्यायिक और विधिक सहायता, परामर्श की परिकल्पना की गई है। जिला जज ने कहा कि हम सभी समाज के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य करेंगे। समाज के हर व्यक्ति के लिए न्याय सुलभ हो सके, संविधान की परिकल्पना की पूर्ति हो सके, इसी उद्देश्य से आज इस सहायता शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने सभी से पुलिस लाइन परिसर में लगाए गए प्रदर्शनी का अवलोकन करने और योजनाओं से लोगों जागरूक होने की अपील की। जिलाधिकारी डाॅ. दिनेश चंद्र ने कहा कि जनपद में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं न्यायिक अधिकारियों के समन्वित प्रयासों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को सुगमता से आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने शासन की आपदा प्रबंधन के संदर्भ में जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी न्यायिक विधिक सहायता मिले, आम जन जागरूक हो इसके दृष्टिगत यह कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके पहले कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के बच्चों ने सरस्वती वंदना एवं वंदे मातरम गाकर भाव विभोर कर दिया। कंपोजिट विद्यालय मेयदीपुर के बच्चों ने भी स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अजय बिष्ट, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सुबास चन्द यादव, अपर सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार यादव सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, अधिवक्ता व काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे। संचालन न्यायिक मजिस्ट्रेट विनय कुमार पांडेय व अदिति श्रीवास्तव ने किया।