नगर को जाम से मुक्त बनाने के लिए बुधवार को क्षेत्राधिकारी यातायात रामवीर सिंह ने ऑटो चालकों के साथ नगर पालिका इंटर कालेज के एक सभागार में बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिना परमिट के क्षेत्र में चलने वाले ऑटो के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं सभी ऑटो का रूट निर्धारण किया जाएगा ताकि एक रूट के ऑटो अन्य रूट पर न जा सके। इससे नगर में जाम की समस्या से निपटने में सहूलियत होगी।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में जाम लोगों के लिए नासूर बन चुका है। इस समस्या से जनता को निजात दिलाने के लिए पहले भी कई बार अधिकारी कई प्रयोग कर चुके हैं लेकिन कोई हल नहीं निकला। इस बाद क्षेत्राधिकारी यातायात रामवीर सिंह ने बिना परमिट वाले ऑटो के शहर में प्रवेश पर रोक लगाने के साथ रूट निर्धारित किये जाने की तरकीब लगाई है। उन्होंने बुधवार को ऑटो चालकों के साथ पीडीडीयू नगर स्थित नगर पालिका इंटर कालेज के सभागार में बैठक की। उन्होंने चेताया कि बिना परमिट के कोई भी सवारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर पायेंगे। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी ऑटो के रूट तय कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सकलडीहा, पीडीडीयू नगर, चकिया, चंदौली के लिए अलग- अलग ऑटो होंगे। उन्होंने बताया कि ऑटो से सवारियां स्टैंड के भीतर ही उतारी जाएंगी। इस दौरान टीएसआई राम प्रवेश सिंह, आरक्षी सौरभ ओम प्रकाश, यशवंत यादव और धर्मेन्द्र मौजूद थे।