यूपी में हादसा: सूरन लदी पिकअप में ट्रेलर ने मारी टक्कर, केबिन में फंसा चालक, तड़पकर मौत; एक घंटे तक लगा जाम
जिले के जसौली गांव के पास एनएच-19 पर शनिवार देर रात तेज रफ्तार ट्रेलर ने सूरन लदी पिकअप में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बिहार निवासी चालक पंकज चौधरी की मौत हो गई। केबिन में फंसे शव को पुलिस और एनएचएआई की टीम ने बाहर निकाला। दुर्घटना से करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा।
विस्तार
चंदौली में सदर कोतवाली क्षेत्र के जसौली गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर शनिवार देर रात सड़क हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ने सूरन लदी पिकअप में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बिहार निवासी पंकज चौधरी (30) की जान चली गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी पंकज चौधरी पिकअप में सूरन लादकर बनारस जा रहा था। शनिवार देर रात उसका वाहन एनएच-19 से गुजर रहा था। इसी दौरान जसौली गांव के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने पिकअप में टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।
केबिन में फंसा रहा चालक का शव
सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण चालक का शव केबिन में फंस गया था। राहत और बचाव दल ने काफी प्रयास के बाद शव को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
एक घंटे तक प्रभावित रहा यातायात
हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रभावित हो गया। सड़क पर वाहनों के रुकने से करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात दोबारा सुचारु हो सका।
चंदौली कोतवाली प्रभारी विंदेश्वरी प्रसाद पांडेय ने बताया कि सड़क दुर्घटना में पिकअप चालक की मौत हुई है। उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। टक्कर मारने वाले ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।