चकिया। नगर के सिविल लाईन पूर्वी निवासी मुहल्ला निवासी मनीष राजभर के छत से गुजरे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से शुक्रवार की सुबह वैष्णवी (16) बुरी तरह से झुलस गई। किशोरी को जबतक उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना से नाराज परिवार के सदस्य हाईटेंशन तार हटाने और मुआवजे की मांग पर अड़ गए। बाद में तहसीलदार और कोतवाल के आश्वासन पर परिवार के लोग शांत हुए। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजी।
सोनभद्र जनपद के करमा थाना क्षेत्र के बैदा गांव की निवासी निशा रक्षा बंधन पर्व पर अपनी पुत्री वैष्णवी (16) के साथ चकिया नगर के सिविल लाईन मुहल्ला रहने वाले रिश्तेदार मनीष राजभर के घर आई थी। शुक्रवार की सुबह वैष्णवी छत पर झाड़ूू लगाने गई। इस दौरान छत के ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से वह बुरी तरह से झुलस गई। परिवार के लोग जबतक उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए किशोरी की मौत हो गई। किशोरी की मौत से परिवार के साथ पूरे मुहल्ले में मातमी सन्नाटा छा गया। इसके बाद परिजनों ने मकान के उपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार को हटाने एवं मृतका के परिजनों को मुआवजा देने की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर तहसीलदार विकासधर दूबे, कोतवाल नागेंद्र प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी राजेश राय के साथ विधायक प्रतिनिधि अश्वनी दूबे मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने और हाईटेंशन तार हटाने का आश्वासन विद्युत विभाग के अधिकारियों से बातचीत के बाद दिया।