पीडीडीयू नगर। अग्नि शमन विभाग की ओर से मंगलवार को नौगढ़ राजकीय इंटर कॉलेज और आदित्य नरायन राजकीय इंटर कॉलेज में आपदा प्रबंधन कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें छात्रों और शिक्षक व कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन की सीख दी गई। उन्हें भूकंप, आग लगने, बाढ़ की स्थिति में तीन मिनट में भवन खाली कराने, सभी को सुरक्षित स्थान पर एकत्र करने, प्राथमिक उपचार आदि के बारे में प्रशिक्षित किया गया। वहीं आग के प्रकार, आग लगने के कारण, बुझाने के तरीके प्रयोग कर दिखाए गए। सबसे पहले अग्नि शमन टीम नौगढ़ राजकीय इंटर कॉलेज पहुंची। यहां प्रधानाचार्य कमलेश की देख रेख में अग्निशमन के प्रभारी अधिकारी नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में छात्रों की सात टीम गठित की गई। छात्रों की अलग अलग टीम ने भवन खाली कराया, छात्रों को सुरक्षित स्थान पर एकत्र किया, ऊंचे बिल्डिंग से बच्चों को सुरक्षित नीचे उतारा, प्राथमिक उपचार किया, परिवार वालों से संपर्क कराया, घर तक बच्चो को सुरक्षित पहुंचाने की व्यवस्था की। प्रभारी अधिकारी ने बच्चों को आग लगने के कारण, आग के प्रकार और बुझाने के तरीके बताए। इसी तरह आदित्य नरायन राजकीय इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य स्वतंत्र कुमार की देख रेख में बच्चों को आपदा राहत के बारे में बताया गया। प्रभारी अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देश पर कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इससे बच्चे स्वयं आपदा के मौके पर अपनी और दूसरों की सहायता कर पाएंगे। बताया कि बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज सैयदराजा और अभिषेक नर्सिंग होम में कार्यशाला आयोजित होगी।