बबुरी। स्थानीय पुलिस ने रविवार की रात चेकिंग के दौरान एक स्कूल के समीप से 25 हजार रुपये के इनामी फरार गैंगस्टर अमन उर्फ दिवाकर सिंह को चोरी की बाइक और असलहे के साथ गिरफ्तार किया। सिरकुटिया निवासी अमन की तलाश लंबे समय से पुलिस कर रही थी। पुलिस इसे बड़ी सफलता मान रही है।
सीओ पीडीडीयू नगर अनिल राय ने बताया कि रविवार की रात पुलिस थानाध्यक्ष अतुल कमार के नेतृत्व में संदिग्ध वाहनों की जांच पड़ताल कर रही थी। इसी बीच बाइक पर सवार होकर व्यक्ति आता दिखा। उसे रोक कर तलाशी ली गई तो उसके पास 32 बोर का पिस्टल, दो कारतूस बरामद हुआ। जांच में पता चला कि बाइक भी चोरी की है, जिसे वाराणसी के भेलूपुर इलाके से चुराई गई है। पूछताछ में उसने अपना नाम अमन कुमार सिंह उर्फ दिवाकर सिंह निवासी सिरकुटिया बताया। सीओ अनिल राय ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की लंबे समय से तलाश थी। अमन पर हत्या, हत्या का प्रयास, गुंडा और आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर सहित जिले में कुल 16 मुकदमें दर्ज हैं। धीना में चार ओर बबुरी में 12 मुकदमें दर्ज है। अमन अत्यधिक शातिर है और दबिश के पहले ही हमेशा भाग जाता रहा है। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसआई सत्यनारायण शुक्ल, अवधेश सिंह, जयप्रकाश यादव, हेड कांस्टेबल अखिलेश सिंह, मनोज कुमार सिंह, गौरव यादव, अमित यादव, कृष्ण कुमार यादव, राहुल खरवार, अनुज कुमार वर्मा, घनश्याम तिवारी रहे।