{"_id":"2c211374-a443-11e2-93d9-d4ae52bc57c2","slug":"challan-for-red-beacon-on-car-of-jaya-prada","type":"story","status":"publish","title_hn":"जयाप्रदा की कार का चालान, लाल बत्ती भी उतारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जयाप्रदा की कार का चालान, लाल बत्ती भी उतारी
रामपुर/ब्यूरो
Updated Sat, 13 Apr 2013 08:26 PM IST
विज्ञापन
रामपुर से सांसद और पूर्व अभिनेत्री जयाप्रदा को अपनी कार पर लालबत्ती लगाना भारी पड़ गया।
विज्ञापन
जिले के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ प्रवर्तन) ने शनिवार को सांसद जयाप्रदा के कार्यालय के बाहर खड़ी उनकी कार पर लगी लाल बत्ती उतार ली और चालान काट दिया। सांसद उस समय समर्थकों के साथ मीटिंग कर रही थीं।
इससे पहले एआरटीओ ने सांसद के कमरे में जाकर कार से लाल बत्ती उतारने की सूचना दी। सांसद ने कहा कि कार खड़ी है और उसमें वह बैठी भी नहीं हैं। कार की लाल बत्ती भी नहीं जल रही है। ऐसे में किस आधार पर कार्रवाई की जा रही है। सांसद के समर्थकों ने एआरटीओ और कार्रवाई को गलत बताते हुए इसे सांसद का अपमान बताया।
विज्ञापन
विज्ञापन
मामला संसद में उठाएंगी जयाप्रदा
सांसद जयाप्रदा अपनी कार से लाल बत्ती उतारने का मामला संसद में उठाएंगी। उन्होंने इस कार्रवाई को पूरी तरह से गलत बताया है। सांसद ने कहा कि एआरटीओ बिना किसी अनुमति के पुलिस के साथ मेरे कार्यालय के अंदर आए। यह एक सांसद का अपमान है।
जयाप्रदा ने कहा, "मैंने पूरे मामले से डीएम, एसपी व सिटी मजिस्ट्रेट को अवगत करा दिया है। जयाप्रदा ने कहा कि यह दबाव में की गई कार्रवाई है और मुझे बदनाम करने की साजिश है। मैं कार में बैठी होती, लाल बत्ती जल रही होती तो एआरटीओ गाड़ी रोककर चालान करते। खड़ी कार का चालान करना कहां तक उचित है।"
"सांसद अपनी गाड़ी के बोनट के अग्र भाग पर बिना घूमने वाली लाल बत्ती लगा सकता है। सांसद जयाप्रदा के कार पर जो लाल बत्ती लगी थी, वह फ्लैशर (घूमने वाली) थी और गाड़ी के ऊपर लगी हुई थी। इस आधार पर उनकी कार से लाल बत्ती उतारकर चालान काटा गया है।"
- केपी यादव, एआरटीओ (प्रवर्तन), रामपुर