UP: युवक की हत्या कर शव को घर में गड्ढा खोदकर दबाया... सड़-गल चुकी है लाश; इस जगह पड़ा मिला मोबाइल
परिजनों की शिकायत के आधार मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जिस घर में शव मिला है, वह अमित का घर है। ऐसे में परिजनों ने अमित पर ही हत्या कर शव गड्ढे में दबाने का आरोप लगाया है।
विस्तार
बुलंदशहर के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के गांव पिपैरा में कुछ युवकों ने तीन दिन से लापता गांव के ही युवक की हत्या कर शव घर में गड्ढा खोदकर दबा दिया। इसके बाद आरोपी घर का ताला लगाकर भाग गए। रविवार को पुलिस ने घर का ताला तोड़कर आंगन में गड्ढा खोदवाया तो मौके से संजय का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी मकान मालिक समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। बताया जा रहा है कि मौके से गड्ढा खोदने में प्रयुक्त फावड़े भी बरामद हुए हैं।
गांव पिपैरा निवासी करीब 34 वर्षीय संजय उर्फ बिल्लू 17 जुलाई को संदिग्ध दशा में लापता हो गया था। मृतक के पिता वासुदेव ने बताया कि 17 जुलाई की शाम को संजय उर्फ बिल्लू संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी जब संजय का सुराग नहीं लगा तो उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
कुछ ग्रामीणों ने बताया कि अंतिम बार संजय को गांव निवासी अमित के साथ देखा गया था। इसके बाद अमित के घर पहुंचकर देखा तो पाया कि घर का ताला लगा हुआ है। ऐसे में संजय की तलाश लगातार जारी रही, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में कुछ लोगों ने मकान से बदबू आने की बात कही।
जिसके आधार पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घर का ताला तोड़कर देखा तो आंगन में हाल ही में खोदाई करने का पता चला। जब आंगन में पुलिस ने खोदाई कराई तो एक गड्ढे से संजय का सड़ा-गला शव बरामद हुआ।
पीड़ित परिजनों ने आरोप लगाया कि संजय उर्फ बिल्लू की हत्या घर के मालिक अमित ने अपने साथियों के साथ मिलकर की है। बताया जा रहा है कि मौके पर कुछ फावड़े भी बरामद हुए हैं। इन फावड़ों से ही गड्ढा खोदे जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मौके से मिले फावड़े को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम को भेजा है। बताया जा रहा है कि मृतक के शरीर पर कुछ चोट के निशान मिले हैं।
ग्रामीणों ने किया घर में तोड़फोड़ का प्रयास
गांव स्थित अमित के घर से संजय का शव बरामद होने के बाद ग्रामीणों ने घर में तोड़फोड़ का भी प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने मौके पर स्थिति को संभाला और ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। मौके पर पहुंचे एसपी देहात ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित करते हुए शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि कुछ संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी अमित ने अपने घर की कुछ ईंटों को 17 जुलाई को ही बेचा था। इसके बाद 18 जुलाई को अमित भाग गया।
घर से 500 मीटर दूर खेत में मिला मोबाइल
संजय की तलाश के लिए पुलिस ने उसके फोन की लोकेशन व अन्य जांच की तो घर से करीब पांच सौ मीटर दूर एक मक्के के खेत में संजय का मोबाइल पड़ा मिला। मोबाइल बरामद होने के बाद अब पुलिस मोबाइल के डाटा, कॉल डिटेल समेत अन्य जानकारी निकालने का प्रयास कर रही है। बताया जा रहा है कि फोन कॉल डिटेल में भी कई संदिग्ध नंबर मिले हैं। इन नंबरों की भी पुलिस जांच करने में लगी है।
परिजनों की शिकायत के आधार मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जिस घर में शव मिला है, वह अमित का घर है। ऐसे में परिजनों ने अमित पर ही हत्या कर शव गड्ढे में दबाने का आरोप लगाया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई हैं। मृतक के मोबाइल से डाटा रिकवर किया जा रहा है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा। - डॉ. तेजवीर सिंह, एसपी देहात