{"_id":"6ac08fa598516a9c41069df3","slug":"woman-dies-after-childbirth-family-accuses-doctors-of-negligence-2026-10-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"बुलंदशहर: प्रसव के बाद महिला की मौत, परिजनों ने डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बुलंदशहर: प्रसव के बाद महिला की मौत, परिजनों ने डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप
Sat, 03 Oct 2026 10:46 AM IST
Vijay Singh Pundir
अमर उजाला नेटवर्क, बुलंदशहर
अमर उजाला नेटवर्क, बुलंदशहर
Published by: Vijay Singh Pundir
Updated Sat, 03 Oct 2026 10:46 AM IST
विज्ञापन
प्रसव के बाद महिला की मौत
- फोटो : अमर उजाला
स्याना नगर के एक निजी क्लीनिक में प्रसव के बाद महिला की मौत होने से परिजनों में आक्रोश फैल गया। महिला के पति ने चिकित्सकों पर उपचार में लापरवाही बरतने और हालत बिगड़ने के बावजूद समय रहते बड़े अस्पताल के लिए रेफर नहीं करने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
मामले में कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर जांच और कार्रवाई की मांग की गई है। नगर के मोहल्ला इस्लामनगर निवासी शहजाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पत्नी शबाना नौ माह की गर्भवती थी। काफी समय से उसका उपचार डॉ. रजनी यादव और डॉ. आशीष यादव के क्लीनिक पर चल रहा था। शुक्रवार रात करीब दस बजे परिजन प्रसव के लिए शबाना को क्लीनिक लेकर पहुंचे।
विज्ञापन
आरोप है कि चिकित्सकों ने जांच के बाद प्रसव कराने की प्रक्रिया शुरू की। तहरीर के अनुसार, प्रसव के दौरान शबाना की हालत अचानक बिगड़ने लगी। डॉ. आशीष यादव ने उसे इंजेक्शन लगाया, जबकि डॉ. रजनी यादव उपचार करती रहीं। परिजनों का आरोप है कि महिला की हालत लगातार गंभीर होने के बावजूद उसे समय रहते किसी बड़े अस्पताल के लिए रेफर नहीं किया गया। हालत अधिक बिगड़ने पर परिजनों ने चिकित्सकों से महिला को तत्काल रेफर करने की बात कही, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद क्लीनिक में ही उपचार जारी रखा गया।
विज्ञापन
आरोप है कि बाद में डॉ. आशीष यादव ने एंबुलेंस बुलाकर शबाना को संस्कार मैरिज होम के सामने स्थित मैक्स अस्पताल ले जाने की बात कही। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने शबाना को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलने पर दिल्ली से मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
मृतका के पति ने चिकित्सकों पर लगाए गए आरोपों की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि महिला के पति की ओर से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।