बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव नयागांव के जंगल में बुधवार सुबह शौच के लिए गई महिला बिजली के टूटे तार की चपेट में आ गई। करंट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंचे परिजनों व ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। हालांकि, बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उन्हें समझा बुझाकर शांत कराया।
कोतवाली नगर क्षेत्र के गांव नयागांव में निवासी मुकेश ने बताया कि उनकी पत्नी अर्चना (30) बुधवार सुबह घर से खेत पर शौच के लिए गई थी। जब वह घर से कुछ दूर पहुंची तो एक खेत में विद्युत लाइन का तार टूटा पड़ा था। जिसमें करंट भी प्रवाहित हो रहा था। अर्चना विद्युत तार की चपेट में आ गई, और गंभीर रूप से झुलस कर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित परिजन रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। इसके बाद परिजनों व ग्रामीणों ने मौके पर विद्युत विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही परिजनों व ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। घटना को लेकर ग्रामीणों में रोष बना हुआ है। शाम तक मामले में कोई तहरीर परिजनों की ओर से नहीं दी गई है। कोतवाली देहात प्रभारी ने बताया कि मामले में शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।