खुर्जा । रविवार को ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार के बैनर तले काफी लोगों ने कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया। साथ ही विभिन्न कंपनियों में निवेश किए रुपयों को वापस दिलाने की मांग की। निवेश किए रुपये नहीं मिलने तक धरना-प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी भी दी।
जीटी रोड स्थित तहसील के बाहर ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार के बैनर तले करीब 22 दिनों से लोगों द्वारा धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। संगठन के जिलाध्यक्ष बच्चू सिंह का कहना है कि वर्ष 2014 से पहले लोगों द्वारा कई कंपनियों में नौकरी की थी। इसमें खुद भी निवेश किया और अन्य लोगों से भी निवेश करवाया था। निवेश कराने के दौरान उन्हें कई तरह के लाभ बताए गए। बाद में वह कंपनियां बंद हो गई। इस कारण उनके रुपये डूब गए। इसके बाद उन्होंने इसको लेकर आवाज उठाई, तो केंद्र सरकार ने वर्ष 2019 में अनियमित जमा योजनाएं पाबंदी कानून लागू किया। इसके तहत पीड़ित आवेदकों को 180 दिनों में डूबी जमा राशि को दो से तीन गुना वापस दिलाने का अधिकार दिया था, लेकिन उसके बाद भी उन्हें उनके रुपये वापस नहीं मिल सके हैं। इसको लेकर वह धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके तहत रविवार को गिरफ्तारी देने के लिए वह तहसील से रैली के माध्यम से कोतवाली तक पहुंच गए। जहां कोतवाली प्रभारी को अवगत कराया और गिरफ्तार करने की मांग की। हालांकि कोतवाली प्रभारी ने वहां आए लोगों के नाम-पते लिखे और उन्हें उसके बाद भेज दिया। इसमें यामीन खान, आबिद अली, देवेंद्र सिंह, कैलाश पालीवाल, धीरेंद्र सिंह, दिनेश गुप्ता, तेजवीर सिंह, सतीश चंद्र, बाला कश्यप, मधु देवी, हर्षवर्धन, योगेंद्र प्रताप आदि रहे।