निकाय चुनाव : यूपी हाथ नहीं फैलाता, विकास में देता है योगदान, सीएम बोले - हर मोर्चे पर काम कर रही सरकार
सीएम ने कहा कि अब यही उत्तर प्रदेश देश के विकास में अहम भूमिका निभा रहा है। बुलंदशहर में पहले जहां गुंडे और माफियाओं के कारण अराजकता का माहौल था। लोगों के लिए सपना था कि उनके यहां भी विकास की गंगा बहे।
विस्तार
अपने 20 मिनट के भाषण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले के सभी मुद्दों पर बात की। इस दौरान उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार, गरीबों को फ्री राशन, जेवर में एयरपोर्ट, मेडिकल कालेज, खुर्जा की विश्व प्रसिद्ध पॉटरी और कानून व्यवस्था को लेकर लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार इन सभी वादों को पूरा करने के लिए कार्य कर रही है।
भाजपा सरकार से पहले प्रदेश के लोगों को उनके गांव और जिलों के हिसाब से बिजली दी जाती थी। खबरें आती थी कि आज एक गांव में बिजली आई, लेकिन जब से भाजपा की सरकार बनी है तब से प्रदेश में न तो बिजली की कमी है और न ही पक्षपात के आधार पर लोगों को बिजली दी जा रही है। अब हर गांव, गली- मोहल्ला के साथ शहर और कस्बे के लोगों को भरपूर बिजली दी जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसानों को मजबूत करना भाजपा सरकार की प्राथमिकता में है। किसानों को सिंचाई के लिए फ्री बिजली की सौगात दी जा रही है। गरीब व मजदूरों को पिछले तीन साल से फ्री राशन दिया जा रहा है।
एक्सप्रेस वे कम करेगा विभिन्न शहरों की दूरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गंगा एक्सप्रेस वे समेत अन्य एक्सप्रेस वे बनाकर शहरों की दूरी कम करने का प्रयास किया जा रहा है। गंगाव एक्सप्रेस वे तैयार होने के बाद बुलंदशहर से प्रयागराज 15 घंटे के बजाए मात्र छह घंटे में सफर पूरा किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि मूल निवास, आय, जाति समेत अन्य प्रमाण पत्र निकायों से ही बनाए जाएं। इसके लिए बड़े स्तर पर काम भी चल रहा है। जल्द ही इन प्रमाण पत्र के लिए लोगों को भटकना नहीं पड़ेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर 3.10 बजे पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर पहुंचा। जहां पर भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल सिसौदिया के नेतृत्व में 29 भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।