बुलंदशहर में बुखार से दो भाइयों की मौत: दोनों मासूम रहते थे एक साथ, खाते भी थे संग, एकसाथ ही छोड़ गए दुनिया
मोहल्ला खत्रीवाला में बुखार से दो सगे मासूम भाइयों की इलाज के दौरान मौत हो गई। टाइफाइड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। परिजनों ने नाले की गंदगी से मच्छर पनपने का आरोप लगाया है।
विस्तार
नगर के मोहल्ला खत्रीवाला निवासी दो मासूम सगे भाइयों की बुखार के चलते मौत हो गई। दोनों भाइयों को तीन-चार दिन पूर्व बुखार होने पर परिजन इलाज करवा रहे थे। शुरुआत में नगर, फिर बुलंदशहर और हालत में सुधार न होने पर मेरठ ले गए। मंगलवार रात बड़े भाई ने तो बुधवार सुबह छोटे भाई ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। विभागीय अफसरों ने जांच करने की बात कही हैं।
नगर के मोहल्ला खत्रीवाला निवासी रोहित के सात वर्षीय पुत्र मोंटी व पांच वर्षीय पुत्र टीटू उर्फ सोंटी को तीन-चार दिन पूर्व बुखार हुआ। पिता रोहित ने बताया कि पहले बड़े पुत्र फिर छोटे पुत्र को बुखार होने पर शुरूआत में नगर के ही एक क्लीनिक से दवा दिलवाई। दो दिन तक स्वास्थ्य में सुधार न होने पर मंगलवार को बुलंदशहर के भूड़ चौराहा स्थित एक निजी अस्पताल में दिखाया। चिकित्सक ने दोनों को भर्ती कर डेंगू, मलेरिया व टाइफाइड जांच कराने की सलाह दी। दोनों की डीएम रोड स्थित एक निजी पैथोलॉजी लैब पर जांच कराई गई। जिसमें टाइफाइड की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, शेष निगेटिव रही।
उपचार के दौरान दोनों की प्लेट्लेटस कम होने लगी तो चिकित्सक ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। मेरठ के एक निजी अस्पताल में दोनों को भर्ती कराया। बताया कि मंगलवार रात बड़े पुत्र मोंटी ने और बुधवार सुबह छोटे पुत्र सोंटी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों का कहना है कि मेरठ में उपचार के दौरान डेंगू लक्षण होने की बात कही गई। जिसकी जांच भी कराई गई। लेकिन मेरठ से कोई भी रिपोर्ट परिजनों को नहीं दी गई।
दादी और परिवार के लाडले थे दोनों भाई
पिता रोहित ने बताया कि दोनों भाई एक साथ रहा करते थे। खाना भी साथ खाते। दोनों को बुखार भी एक साथ हुआ और कुछ देर के अंतर पर दोनों जिंदगी छोड़कर चले गए। परिवार में दोनों बेटों के अलावा एक बेटी हैं। दोनों बेटे माता-पिता के अलावा दादी के लाड़ले थे। दोनों बेटे हमेशा अपनी दादी महेंद्री देवी के पास ही रहते। दोनों की मौत होने पर मां ममता और दादी महेंद्री देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चों की मौत से मोहल्ले में भी शोक का माहौल है।
मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे रोहित
रोहित मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनके परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें मकान मिला हुआ है।
नाले की सफाई नहीं होने का आरोप
परिजनों ने नगर पालिका पर घर के पास से गुजर रहे गंदे नाले की नियमित सफाई नहीं कराने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि नाले में गंदगी जमा रहती हैं, जिससे मच्छर और मक्खियां पनप रहे हैं। परिजनों ने नाले की सफाई और क्षेत्र में मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग कराने की मांग की हैं।
दोनों भाइयों की मौत की जानकारी मिल गई है। टीम को घर पर भेजकर मामले की जांच कराई जाएगी। जरूरत पड़ने पर कालोनी में शिविर में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाएगा। - डॉ. राजेश कुमार, चिकित्सा अधीक्षक राजकीय संयुक्त चिकित्सालय