जहांगीराबाद। नगर के गांधी चौक (पड़ाव) स्थित श्री सत्यनारायण भगवान मंदिर में शुक्रवार रात किन्नर समाज की ओर से राधा रानी का छठ महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। धार्मिक आयोजन में बुलंदशहर, दिल्ली, खानपुर, औरंगाबाद, अनूपशहर और शिकारपुर समेत कई क्षेत्रों से किन्नर समाज के लोग शामिल हुए। भजन-कीर्तन और नृत्य की प्रस्तुतियों से मंदिर परिसर देर रात तक भक्तिमय बना रहा।
महोत्सव का शुभारंभ राधा रानी की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद प्रसिद्ध भजन गायक शनि राधे और शिवम गुप्ता ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। राधे-राधे जपो चले आएंगे बिहारी और बरसाने वाली राधा, तेरी जय-जयकार जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। भक्ति गीतों की धुन पर किन्नर समाज के सदस्यों ने देर रात तक नृत्य किया और पारंपरिक बधाइयां गाईं।
मंदिर परिसर में राधा रानी के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भी भजनों में शामिल होकर महोत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम का आयोजन शिवानी बंसल ने किया। इसमें मॉडल राहुल, राघव, मयंक और अक्षित बंसल ने विशेष सहयोग दिया।