अनूपशहर। तहसील परिसर में भारतीय किसान यूनियन टिकैत का अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार दूसरे दिन भी जारी रहा। पुलिस- प्रशासन की अनदेखी से नाराज किसानों ने विरोध दर्ज कराया। तहसील से लेकर शिव चौक तक किसानों ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर पैदल मार्च निकाला। साथ ही पुलिस व तहसील प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरने की अध्यक्षता राधे बाबा ने की, जबकि मेरठ मंडल अध्यक्ष गुड्डू प्रधान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
युवा किसान नेता मानसिंह के संचालन में चले इस विरोध प्रदर्शन के दौरान गुड्डू प्रधान ने स्थानीय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि तहसील और पुलिस विभाग किसानों की समस्याओं को लेकर संवेदनशील नहीं है। किसान न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। गुड्डू प्रधान ने कहा कि किसानों की जायज समस्याओं का निस्तारण धरातल पर नहीं हो जाता, तब तक यूनियन का यह अनिश्चितकालीन धरना समाप्त नहीं होगा। प्रदर्शन में मुख्य रूप से पवन चौधरी, कपिल प्रधान, भूपेंद्र प्रमुख, तेजवीर सिंह, राहुल, भागेश, हसमुद्दीन प्रधान, वकील और कुलदीप चौधरी समेत अन्य किसान नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।