बुलंदशहर। कांवड़ यात्रा के दौरान शिव भक्तों व वाहन चालकों की सुविधा के लिए जिले के कांवड़ मार्गों पर 131 स्थानों पर 288 संकेतक लगाए जाएंगे। संकेतक के माध्यम से मार्ग व अन्य सुविधाओं की आसानी से जानकारी मिल सकेगी। जनपद पुलिस ने संकेतकों के स्थान के चिह्नीकरण को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। जिले में दस मुख्य मार्गों और 52 अन्य मार्गों से होकर शिव भक्त गुजरेंगे।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित व सुगम बनाने के उद्देश्य से जिले में कांवड़ यात्रा मार्ग पर 131 स्थानों पर 288 संकेतक लगाए जाएंगे। संकेतक के माध्यम से शिव भक्तों को कांवड़ मार्ग, शिविर, चिकित्सा केंद्रों, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, पार्किंग स्थल, पुलिस सहायता केंद्र, अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहेगी। एसएसपी ने शिव भक्तों व आमजन से संकेतक पर अंकित दिशा-निर्देशों का पालन करने, प्रशासन व पुलिस के जारी यातायात और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन कर सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने आपात स्थिति में निकटतम पुलिस सहायता केंद्र व हेल्पलाइन पर संपर्क करने की भी अपील की।