बुलंदशहर। उत्तरकाशी में रैट माइनर्स की कुल 12 लोगों की टीम थी। इसमें पांच सदस्य अगौता क्षेत्र में अख्तियारपुर गांव के रहने वाले हैं। जतिन और सौरभ व मोनू और देवेंद्र भाई-भाई हैं। ये सभी पिछले 10 साल से पाइपों के जरिए खुदाई के काम लगे हैं। बीते दिनों इनकी ही मदद से उत्तरकाशी में टनल से मजदूरों को सकुशल बाहर निकाला जा सका। बुधवार शाम को इन सभी रैट माइनर्स को मुख्यमंत्री उत्तराखंड से मुलाकात के बाद बुलंदशहर रवाना किया गया। सुबह करीब 11 बजे ये सभी लोग भूड़ चौराहे पर पहुंचे। जहां बसपा के नेता यशपाल सिंह समेत अन्य ने उनका स्वागत किया। नगर के चौक बाजार पर भी उनका स्वागत किया गया। दोपहर के समय गांव पहुंचने पर परिजन भी उनसे लिपटकर खुशी का इजहार किया। इसके अलावा क्षेत्र के अन्य लोग भी उन्हें बधाई देने घर पहुंचे। इस दौरान पूर्व ग्राम प्रधान अख्तियारपुर ब्रजपाल राठी, वर्तमान प्रधान बले राठी, मनोज कुमार, हरदीप बौद्ध, ज्ञानेंद्र, श्रीपाल सागर एडवोकेट, संजीव कुमार, बबलू, प्रदीप जहरा, सागर आदि मौजूद रहे। संवाद