डॉ. महेश शर्मा के खिलाफ लगाए गए पोस्टर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय मंत्री और गौतमबुद्धनगर जिले के सांसद डॉ. महेश शर्मा के खिलाफ पार्टी के ही असंतुष्ट लोगों ने पोस्टर वार शुरू कर दिया है। पोस्टर में उन पर वर्चस्ववादी मानसिकता और जनता की उपेक्षा करने का आरोप लगाया गया है।
पोस्टर लगाने वाले खुद के भाजपाई होने का दावा कर रहे हैं और पोस्टर में कमल का फूल, भगवा रंग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह की फोटो भी लगी है। यही नहीं पोस्टर के माध्यम से कैबिनेट मंत्री के पद पर महेश शर्मा का प्रमोशन न करने पर केंद्र सरकार को धन्यवाद भी दिया गया है।
कचहरी रोड, जंक्शन रोड और जेवर क्षेत्र में जगह-जगह केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा के विरोध में लगे पोस्टर चर्चा का विषय बने हुए हैं। पोस्टर में भाजपा के जिला मंत्री कपिल गुर्जर और छह वर्ष के लिए निष्कासित भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष अतुल शर्मा का फोटो लगा हुआ है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को संबोधित करते हुए पोस्टरों में केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा को वर्चस्ववादी मानसिकता का बताते हुए कैबिनेट मंत्री के पद प्रमोशन न देने के लिए धन्यवाद दिया गया है।
पोस्टर में डॉ. महेश शर्मा का प्रमोशन न होने के कारण गिनाते हुए आरोप लगाया गया कि मीडिया में कैबिनेट मंत्री बनने और खुद को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का दावेदार बनाने की फर्जी खबर चलवाई।
गौतमबुद्धनगर लोकसभा की जनता की उपेक्षा की, कुछ कायकर्ताओं को शक्ति का दुरुपयोग कर पार्टी से निष्कासित करा देना और जेवर एयरपोर्ट बनवाने की झूठी घोषणा करना। नीमका गांव तथा लोकसभा क्षेत्र में विकास कार्य न करवाना आदि बातें पोस्टर में लिखी हैं।
फोन से बात करने पर अतुल शर्मा ने बताया कि डॉ. महेश शर्मा के विरोध में यह पोस्टर उनके द्वारा जगह-जगह लगाए गए हैं, क्योंकि जनता को जो उनसे अपेक्षा थी उस पर वह खरे नहीं उतर रहे हैं।
उधर, गौतमबुद्धनगर के भाजपा जिलाध्यक्ष विजय भाटी ने माना कि पार्टी के कुछ असंतुष्ट लोग पोस्टर लगाकर मुहिम चला रहे हैं। सोमवार को ही पार्टी की बैठक कर ऐसे लोगों को पार्टी से निष्कासन का प्रस्ताव पास किया गया है, जिसे ऊपर भेजा गया है।
अतुल शर्मा को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। ऐसे में वह प्रतिशोध के कारण इस तरह का कृत्य कर रहे हैं। इसकी रिपोर्ट बनाकर भेज दी गई है। - सत्यप्रकाश, डॉ. महेश शर्मा के सांसद प्रतिनिधि
खुर्जा क्षेत्र में पोस्टर लगाए जाने की जानकारी मिली है। कुछ लोग दुष्प्रचार कर रहे हैं। मामले की पूरी रिपोर्ट बनाकर ऊपर भेजी जाएगी।
- हिमांशु मित्तल, जिलाध्यक्ष, भाजपा