ककोड़। नगर के केशव माधव सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित चार दिवसीय 38वीं क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हो गया। ताइक्वांडो, वुशु और टेबल टेनिस की प्रतियोगिताओं में 30 विद्यालयों के 383 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में केशव माधव ककोड़ के खिलाड़ियों ने 37 पदक अपने नाम किए।
प्रधानाचार्य मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि विद्यालय के 10 खिलाड़ियों ने स्वर्ण, 15 खिलाड़ियों ने रजत और 12 खिलाड़ियों ने कांस्य पदक जीता। अंडर-17 वर्ग में विद्यालय के खिलाड़ियों ने ताइक्वांडो और वुशु में सर्वाधिक पदक हासिल कर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
प्रथम स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी अब अपने-अपने खेल में अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे। समापन समारोह में क्षेत्रीय खेलकूद संयोजक सतपाल सिंह मौजूद रहे। विद्यालय के अध्यक्ष अशोक गुप्ता, प्रबंधक जगदीश प्रसाद ढोंडियाल, कोषाध्यक्ष दिनेश सिंघल, सह व्यवस्थापक कालीचरण ने खिलाड़ियों को बधाई दी।