बुलंदशहर: खुर्जा में डंपर लूट कर चालक को पलवल में फेंक कर भागे बदमाश, मालिक ने रिपोर्ट दर्ज कराई
डंपर मालिक ने थाने में दी अपनी शिकायत में बताया कि मंगलवार रात कुछ बदमाश उनके डंपर को लूटकर और चालक को बंधक बनाकर हरियाणा की तरफ ले गए। बदमाशों ने पलवल के पास पहुंचकर चालक को धक्का देकर फेंक दिया और फरार हो गए।
विस्तार
पहासू रोड पर अगोरा गांव के पास मंगलवार रात को बदमाशों ने डंपर लूट लिया। बदमाश चालक को बंधक बनाकर अपनी कार में ले गए और पलवल के पास फेंक फरार हो गए। पुलिस घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों का सुराग लग सके।
अलीगढ़ के खैर थाना क्षेत्र के गांव मजीपुर निवासी हरीसिंह ने बताया कि उनका ट्रांसपोर्ट का कारोबार है। उनका एक डंपर मंगलवार को खुर्जा क्षेत्र में गया था, जिसको कुंवरपुर गांव के छत्रपाल लेकर गए थे। छत्रपाल के अनुसार मंगलवार रात को वह खुर्जा में पहासू रोड से अगोरा गांव की ओर जा रहे थे। गांव से पहले अंधेरे में ओवर टेक करके कार सवार बदमाशों ने उनको रोक लिया। इसमें से दो बदमाश डंपर में चढ़ गए और हथियार पर उनको ले लिया।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने उनको डंपर से नीचे उतार कर कार में बैठा दिया। कार में दो अन्य बदमाश बैठे थे। दो बदमाश उनका डंपर लेकर निकल गए और अन्य दो बदमाशों ने उनको कार में बंधक बना लिया। इसके बाद आरोपी कार को हरियाणा की ओर ले गए।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में पलवल के पास पहुंचने के बाद आरोपियों ने उनको कार से बाहर फेंक दिया और वहां से फरार हो गए। बदमाशों ने उनसे मोबाइल और नगदी भी लूट ली। राहगीरों की मदद से उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
एसपी देहात बजरंग बली चौरसिया ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश के लिए टीम लगाई गई हैं। वहीं चालक के बताए गए रास्ते पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
सड़क पर छाया अंधेरा बन रहा खतरा
खुर्जा तहसील क्षेत्र में स्थित करीब 20 किलोमीटर लंबी पहासू रोड पर स्ट्रीट लाइट नहीं लगी हैं। शाम ढलते ही मार्ग पर अंधेरा रहता है। ऐसे में लूट और हादसे का खतरा बना रहता है।