फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bulandshahar News ›   दो किशोरी समेत आठ की कटी चोटी

दो किशोरी समेत आठ की कटी चोटी

Sat, 05 Aug 2017 10:12 PM IST
Updated Sat, 05 Aug 2017 10:12 PM IST
विज्ञापन
फिर दो किशोरी समेत आठ की कटी चोटी
विज्ञापन

- पहासू, खुर्जा जंक्शन, जहांगीरपुर, नरौरा और डिबाई में हुई घटना
- किसी ने काली बिल्ली को देखा तो किसी ने बताया साया
- पुलिस पहुंची , मचा रहा हड़कंप, रात भर जागे लोग
अमर उजाला ब्यूरो।
बुलंदशहर/खुर्जा/डिबाई/नरौरा/पहासू/जहांगीरपुर।
जनपद में महिलाओं की चोटियां कटने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार रात से लेकर शनिवार दोपहर तक अलग-अलग स्थानों पर दो किशोरियों और छह महिलाओं की चोटी कट गई। घटना के बाद सभी पीड़ित दहशत में हैं। किसी महिला ने काली बिल्ली दिखाई देने की बात कही तो किसी ने काला आदमी। तरह-तरह की अफवाहों और अंधविश्वास से भरी चर्चाओं से जहां बाजार गर्म रहा, वहीं घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में दहशत है। रात भर लोग जाग कर पहरा देते रहे।
केस-1
खुर्जा देहात गांव क्योली निशा पत्नी राजेंद्र बीमार थी। शुक्रवार देर शाम दवा लेकर वह घर में सो गई। इस दौरान निशा की बेटी पहुंची और सोती हुई मां की चोटी कटी देख जगाया। चोटी कटी देख निशा की चीख निकल गई और वह बेसुध हो गई। खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूछताछ की। घटना के बाद से निशा के परिवार और अन्य ग्रामीण रात भर जागते रहे। लोगों में घटना को लेकर दहशत है।
विज्ञापन

केस-2
जंक्शन चौकी क्षेत्र के गांव जाहिदपुर निवासी अंजन देवी पत्नी कृपाल शुक्रवार रात खाना खाने के बाद घर के आंगन में चारपाई पर सोने चली गई। देर रात करीब एक बजे उन्हें महसूस हुआ कि कोई आकर उनके ऊपर बैठ गया। इसके बाद वह बेहोश हो गई। शनिवार सुबह परिजनों ने देखा तो अंजन देवी की चोटी कटी हुई मिली। बेहोश अंजन देवी को देखकर परिजनों ने तत्काल घर पर चिकित्सक को बुलाकर उसका उपचार करवाया। चिकित्सक के मुताबिक घबराहट के कारण वह बेहोश हुई है। कुछ देर बाद अंजन देवी को होश आया तब उन्होंने पूरी घटना के बारे में बताया। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ लग गई। गांव में भूत, तंत्र-मंत्र आदि के अफवाहों का दौर शुरू हो गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


केस-3
पहासू कस्बा स्थित मोहल्ला पठान टोला में सल्लू की बेटी तमन्ना (14) अपने घर में शुक्रवार रात सो रही थी। शनिवार सुबह जगने पर उसने देखा की चोटी कटी हुई है। घटना के बाद उसने चीखना शुरू कर दिया। परिवार के लोगों ने पहुंचकर देखा तो चोटी कटी देख उनके भी होश उड़ गए। परिजनों ने 100 नंबर पर डायल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी रही।

केस-4
जहांगीरपुर क्षेत्र के गांव भगोकरा निवासी रानी पत्नी राजकुमार शुक्रवार रात अपने घर के आंगन में सोने चली गईं। परिवार के लोग भी आसपास सो रहे थे। बाहर से दरवाजा बंद था। रात करीब 12 बजे रानी को कुछ पीठ पर महसूस हुआ। हड़बड़ा कर वह उठ गईं। उठकर देखा तो चुटिया कटी देख कर उनकी चीख निकल गई। चीख सुनकर परिवार के लोग भी जग गए। रानी के मुताबिक उन्होंने एक काली बिल्ली को जाते हुए देखा। शोरशराबा सुनकर आस पड़ोस के लोग भी जाग गए। उनके घर पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना के बाद से रानी बेसुध हैं। रात भर पूरा परिवार जागता रहा।
केस-5
जहांगीरपुर क्षेत्र के गांव रखेड़ा निवासी सतेंद्र की 17 साल की बेटी कल्पना शनिवार दोपहर अपने घर के द्वार पर सो रही थी। इसी दौरान उसे कुछ शरीर पर महसूस हुआ तो वह जग गई। जगने के बाद कल्पना ने देखा तो उसकी चोटी कटी हुई पड़ी थी। यह देख वह बेहोश हो गई। परिवार के लोगों ने देखा तो उनके भी होश उड़ गए। घटना को लेकर गांव के लोग भी पहुंच गए। परिजन कल्पना को लेकर निजी चिकित्सक के पास पहुंचे और उपचार कराया। तब उसे होश आया। घटना के बाद से परिवार के लोग दहशत में हैं। गांव में काले साए की अफवाह जोरों पर है।
केस-6
खुर्जा देहात क्षेत्र के गांव असगरपुर निवासी जलील की 13 वर्षीय बेटी समरीन कक्षा पांच की छात्रा है। शनिवार दोपहर वह अपने छोटे भाई के साथ घर पर बैठकर 15 अगस्त को स्कूल में सुनाने के लिए कविता याद कर रही थी। समरीन के मुताबिक एक काला आदमी उसे दिखाई दिया तो वह चीख पड़ी। उसके बाद उसकी चोटी कटकर गिर पड़ी। इस घटना से समरीन बेहोश हो गई। बहन की हालत देख भाई भी सहम गया और घर के लोगों को घटना के बारे में बताया। खबर फैलने से गांव के लोग भी पहुंच गए। 100 नंबर पर फोन करने के बाद पुलिस भी पहुंच गई। परिवार और गांव के लोग घटना से दहशत में हैं।
केस-7
नरौरा के मोहल्ला कर्मधर्मा निवासी रामस्वरूप की पुत्री सुनीता(16) शनिवार सुबह नौ बजे घर में अकेली थी। सुनीता की चीख सुनकर आसपास के घरों की महिला एवं पुरुष वहां पहुंचे तो सुनीता बेहोश पड़ी थी। पड़ोसियों ने काम पर गए सुनीता के माता-पिता और पुलिस को खबर दी। लोगों ने देखा की सुनीता की चोटी के लगभग दो इंच लंबाई के बाल कटे हुए कुछ ही दूरी पर पड़े थे। पुलिस ने बेहोशी की हालत में किशोरी को एनएपीएस चिकित्सालय भिजवाया। जहां से सामान्य होने के बाद सुनीता ने परिजनों को बताया कि वह अकेली रसोई में खाना बना रही थी। तभी एक अजीब सी आकृति दिखाई देने से वह डर गई और उसकी चीख निकल गई। इसके बाद वह बेहोश हो गई। इसी आकृति ने उसके बाल काट दिए। घटना की चर्चा नगर सहित पूरे क्षेत्र में फैल गई।

केस-8
डिबाई कोतवाली के गांव घोसीपुरा में शुक्रवार रात कमलेश (30) पत्नी मदनलाल की सोते समय चोटी कट गई। लोगों की भीड़ आवास पर जुट गई। पीड़िता ने पुलिस में कोई तहरीर नहीं दी है। हालांकि गांव में दहशत का माहौल है।

दो बिंदुओं पर अटकी पुलिस की जांच
चोटी कटने का आतंक कई राज्यों में मचा हुआ है। पुलिस की जांच दो पहलुओं पर केंद्रित हो गई है। या तो महिलाएं खुद अपनी चोटी काट रही हैं या फिर उन्हीं के घर का कोई सदस्य यह शरारत कर रहा है।

पुलिस मुखबिरों से ले रही जानकारी
एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने मुखबिरों को अलर्ट कर दिया है। जानकारी ली जा रही है कि कहीं कोई बाहरी आदमी या गैंग तो नहीं घुस रहा है, क्योंकि अब तक पूछताछ में ऐसा कुछ भी सामने नहीं आया है, जिससे साबित हो कि कोई बाहरी शख्स या गैंग इस वारदात को अंजाम दे रहा है।


पुलिस के पास नहीं हैं इन सवालों के जवाब
- महिलाएं अपनी चोटी खुद क्यों काट रही हैं?
- मौके से कैंची या कोई दूसरी चीज क्यों नहीं मिली?
- क्या सभी पीड़ित महिलाएं तनाव से ग्रस्त हैं?
- मनोरोगी महिलाएं सिर्फ अपनी चोटी क्यों काट रही हैं?
- अपनी चोटी काटने के बाद कैंची साफ करके रख देती हैं?
- आखिर क्या मिल रहा है महिलाओं को अपनी चोटी काट कर?

कोट्स
कुछ थाना क्षेत्रों से महिलाओं की चोटी काटे जाने की सूचना मिली है। सभी थाना प्रभारियों को ग्राम प्रधानों के साथ बैठक करके अफवाह पर ध्यान न देने की अपील करने के लिए कहा है। इसके लिए एडवायजरी भी जारी कर दी है। यदि कोई भी अफवाह फैलाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- मुनिराज जी.-एसएसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed