सीएम योगी बोले- सपा की सूची विनाश की सूची, कैराना को कश्मीर बनाने का सपना पूरा नहीं होने देंगे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को प्रभावी मतदाता सम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर बुलंदशहर पहुंचे। नगर के नुमाइश मैदान स्थित निकुंज हॉल में उन्होंने विपक्ष पर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने सपा द्वारा जारी की गई प्रत्याशियों की सूची को विनाश की सूची करार दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कैराना को कश्मीर बनाने का सपने देखने वालों के सपने पूरे नहीं होने देंगे। देवबंद में एटीएस कमांडो ट्रेनिंग सेंटर इसलिए बनाया गया है, ताकि विपक्ष के सपनों को पूरा होने से रोका जा सके। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावी मतदाता सम्मेलन के दौरान कहीं। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता को फर्क साफ दिख रहा है। 2012 के बाद प्रदेश में जो गुंडाराज, माफिया राज था वह 2017 के बाद खत्म हो गया। अब अपराधी या तो जेल में हैं, या प्रदेश छोड़ चुके हैं।
जब बिजली ही नहीं तो बिल क्या माफ करेंगे
सपा के 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने के वादे पर मुख्यमंत्री ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में बिजली ही नहीं आएगी तो फ्री में क्या देंगे। 2012 के पहले प्रदेश में बिजली का क्या हाल था, यह सभी लोगों को पता है। यदि उनकी मंशा लोगों के हित में होती तो बिजली की दशा सुधारने के लिए प्रयास करते, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। जबकि भाजपा ने आते ही न केवल लोगों को पर्याप्त बिजली दी, बल्कि किसानों के ट्यूबवेल के लिए अलग से लाइन की व्यवस्था भी की।
सपा ने सरकार बनाते ही आतंकियों के मुकदमे लिए थे वापस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2012 में सपा की सरकार बनते ही प्रदेश में सबसे पहले अयोध्या में राम जन्मभूमि पर हुए आतंकी हमले के आरोपियों के मुकदमे वापस लिए गए थे। जबकि भाजप की सरकार बनने पर सबसे पहले बूचड़ खाने बंद कराने, बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वायड को प्रभावी तरीके से लागू करने और किसानों का 36 हजार करोड़ रुपये कर्जमाफ करने का फैसला लिया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पहले प्रदेश में जब भी कोई नेता मंत्री बनता था, तो पहले वह अपना बंगला बनाता था। इसके बाद उनकी नजर में परिवार का मतलब केवल अपना परिवार होता था। जबकि भाजपा सरकार के मंत्रियों ने दिखाया कि परिवार का मतलब प्रदेश की 25 करोड़ जनता है। अब गरीबों के लिए 43 लाख मकान दिए गए हैं, जिससे साफ है कि प्रदेश की सरकार गरीबों व किसानों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।
प्रदेश में हुए दंगा, उपद्रव की स्थिति को लेकर कहा कि पहले प्रदेश में प्रत्येक तीन दिन में दंगा, उपद्रव होता था। गैंगस्टर थाना चलाते थे और गरीब लोगों की जमीनों पर कब्जे किए जाते थे। उपद्रव करते हुए सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाते थे। भाजपा सरकार बनने के बाद न केवल दंगा, फसाद खत्म हुए बल्कि उपद्रव कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले आरोपी माफी मांग रहे हैं। दंगाईयों को डर है कि दंगा करने के बाद ऐसा न हो कि चौराहे पर पोस्टर लगाए जाए और संपत्ति नीलाम हो जाए।
प्रदेश में दोबारा से भाजपा ही क्यों के सवाल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यदि प्रदेश में भय मुक्त शासन, गरीबों व किसानों के लिए कार्य करने वाली सरकार, प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए विकास कार्य कराना चाहते हैं तो दोबारा से भाजपा को वोट दें।
पहले चरण के चुनाव के लिए गठबंधन की जारी की गई सूची पर भी मुख्यमंत्री ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि गठबंधन के प्रत्याशियों की पहली सूची विकास की सूची कम विनाश की सूची अधिक दिख रही है। उन्होंने अपराधियों और माफियाओं को टिकट दिया है, जो क्षेत्र के विकास के बजाए अपराध को ही बढ़ावा देंगे।
नगर के मोहल्ला गिरधारी नगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पांच लोगों के घर पहुंचकर वोट मांगा। कालोनी में पहुंचने पर बच्चों ने मुख्यमंत्री को किताबें भेंट कीं, उनका हाल-चाल पूछते हुए आटोग्राफ दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री का महिलाओं ने टीका करते हुए स्वागत किया।