{"_id":"587535774f1c1bab78ba806b","slug":"chests-of-money-in-the-bank-the-cashless-atm","type":"story","status":"publish","title_hn":"चेस्ट में पैसा खत्म, बैंक-एटीएम हुए कैशलेस ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
चेस्ट में पैसा खत्म, बैंक-एटीएम हुए कैशलेस
ब्यूरो/अमर उजाला, बुलंदशहर
Updated Wed, 11 Jan 2017 12:56 AM IST
विज्ञापन
बैंक
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
नोटबंदी के चलते मंगलवार को चेस्ट में पैसा खत्म हो गया। जिसके चलते जिले के अधिकतर बैंक और एटीएम कैशलेस हो गए। वहीं बैंकों के बाहर लोगों की लाइन बरकरार है। बैंक अफसरों का तर्क है कि जितना कैश मिल रहा है उसे लोगों को उपलब्ध करवाया जा रहा है। एक-दूसरे बैंक की चेस्ट से रुपयों का प्रबंध किया जा रहा है।
बता दें कि जब से नोटबंदी शुरू हुई है तब से लेकर आज तक बैंकों और एटीएम के बाहर लोगों की लाइन कम नहीं हो रही। लोगों द्वारा आरोप लगाए जा रहे हैं कि वह सुबह से ही बैंकों के बाहर लाइन में लग जाते हैं और जब कैश खत्म होने की बात कही जाती है तो उन्हें मायूस होना पड़ रहा है। रुपये नहीं मिलने से उनके काम भी पूरे नहीं हो रहे।
विज्ञापन
वहीं मंगलवार को चेस्ट में पैसा खत्म होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई। सुबह से ही अधिकतर बैंकों और एटीएम के बाहर लाइन लग गई। मगर, पैसा नहीं मिलने पर लोगों को मायूस लौटना पड़ा। रुपयों के अभाव में अधिकर एटीएम भी कैशलेस रहे। इसका नतीजा यह रहा कि बैंक अफसरों ने लोगों को समस्या से अवगत करवाया तो वह उनकी बात से सहमत हो गए।
विज्ञापन
एटीएम बंद, बैंक में कैश की किल्लत
नगर में मंगलवार को चार बैंकों के एटीएम बंद होने व बैंकों में कैश की कमी से लोग परेशान रहे। पंजाब नेशनल बैंक, केनरा बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम सुबह से बंद रहे। जबकि स्टेट बैंक का एटीएम मात्र दोपहर 12 बजे तक काम कर सका। बैंक में भी एक घंटे में कैश खत्म हो गया।
तब भी खातेदारों की भीड़ इस उम्मीद में बैंक में लगी रही कि बुलंदशहर से कैश आ जाए। किसी भी बैंक में रिजर्व बैंक द्वारा घोषित सप्ताह में सेविंग खातों से 24 हजार रुपये देने का पालन नहीं हो रहा। बैंकों में कैश की किल्लत के कारण खातेदार पैसा निकालने के लिए रोजाना बैंक के चक्कर काट रहे हैं।
बैंक प्रबंधक के खिलाफ व्यापारियों ने प्रधानमंत्री को भेजा पत्र
अनाज मंडी के व्यापारियों ने पीएनबी शाखा प्रबंधक पर अभद्रता, तानाशाही, कमीशन खोरी का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर शिकायत की है। आरोप है कि बैंक में कैश न मिलने के कारण लंबी लाइन लगी रहती है। कई बार विरोध में गाली-गलौच, प्रदर्शन और हाइवे तक जाम किए गए हैं।
उसके बाद भी शाखा प्रबंधक अपनी मनमानी पर उतारू है। व्यापारियों ने प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत भेजने वालों में संजय शर्मा, दीपक, पुष्पेंद्र, विपिन, धर्मवीर, रमेश पाल, देवेंद्र आदि व्यापारी आदि रहे। बैंक शाखा प्रबंधक अशोक निगम ने बताया कि उनके ऊपर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। व्यापारी उनके ऊपर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं।