बुलंदशहर। सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा में मंगलवार को 10वीं के सामाजिक विज्ञान के पेपर में 94 परीक्षार्थी शामिल नहीं हो सके। परीक्षार्थियों ने पेपर आसार बताया और आए प्रश्नों पर अपने सहपाठियों से चर्चा कर अच्छे अंक आने की बात कही। परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में चली।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के नोडल अधिकारी एवं दिल्ली पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य डीएस यादव ने बताया कि मंगलवार को कक्षा 10वीं की परीक्षा 26 केंद्रों पर हुई। परीक्षा में पंजीकृत 10,706 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 10612 परीक्षार्थी शामिल, जबकि 94 अनुपस्थित रहे। पर्यवेक्षकों और सचल दलों ने केंद्रों पर पहुंच कर परीक्षा का जायजा लिया। बताया कि अभी तक परीक्षा में किसी भी तरह की कोई गड़बड़ी सामने नहीं आई है। परीक्षा पर कड़ी निगाह रखी जा रही है और समय-समय पर केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश जारी किए जा रहे हैं। दूसरी ओर परीक्षा देकर लौटे परीक्षार्थियों के चेहरे पर मुस्कान दिखी और उन्होंने पेपर में आए प्रश्नों को आसान बताया। परीक्षार्थी अमन, केशव, मानसी, रिया और दीया आदि ने बताया कि अधिकतर प्रश्न वहीं आए, जिनकी पहले से तैयारी कर रखी थी। छात्र-छात्राओं ने सामाजिक विज्ञान में बेहतर अंक आने का दावा किया है।