ट्रक का पहिया पेट के ऊपर से गुजरा: बुलंदशहर में दर्दनाक हादसा, सिपाही की दर्दनाक मौत; पुलिस महकमे में शोक
सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि गांव 54 गोमती विहार कॉलोनी पोस्ट लोहवन थाना यमुनापार जनपद मथुरा निवासी देवेश चौधरी 25 वर्ष खुर्जा देहात थाने में सिपाही के पद पर तैनात थे। वह 2025 बैच के सिपाही थे।
विस्तार
यूपी के खुर्जा देहात थाने में तैनात सिपाही देवेश चौधरी बुधवार की सुबह नगर में डीएवी फ्लाईओवर के पास मानसरोवर कॉलोनी के सामने ट्रक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए। वह बाइक से कोर्ट में कार्य से आ रहे थे। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए नगर के लक्ष्मी हॉस्पिटल में भर्ती कराया।
रास्ते में हुई मौत
सूचना पर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय, सीओ सिटी प्रखर पांडेय के अलावा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे और देवेश के बारे में जानकारी ली। हालत गंभीर होने पर एसएसपी ने देवेश को नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल के लिए रेफर कराया। उपचार के लिए हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
ट्रक ने पीछे से मारी थी बाइक सवार सिपाही को टक्कर
सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि गांव 54 गोमती विहार कॉलोनी पोस्ट लोहवन थाना यमुनापार जनपद मथुरा निवासी देवेश चौधरी 25 वर्ष खुर्जा देहात थाने में सिपाही के पद पर तैनात थे। वह 2025 बैच के सिपाही थे। अप्रैल 2026 में उनकी तैनाती खुर्जा देहात थाने हुई थी। थाना खुर्जा देहात प्रभारी ने बताया कि देवेश चौधरी कोर्ट पैरोकार का काम सीख रहे थे और वह थाने में ही रहते थे। बुधवार की सुबह वह कार्य से बाइक से बुलंदशहर कोर्ट जा रहे थे। बुलंदशहर में डीएवी फ्लाईओवर के पास मानसरोवर कॉलोनी के सामने ट्रक चालक ने तेजी और लापरवाही के साथ ट्रक को चलाते हुए पीछे से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। अनियंत्रित होने के कारण वह सड़क पर गिर गए और ट्रक का पहिया उनके पेट के ऊपर से उतरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिवार ही नहीं पुलिस में भी शोक की लहर
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए नगर के निजी अस्पताल लक्ष्मी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। देवेश की मौत की सूचना से उनके परिवार में मातम छा गया। सूचना पर परिवार के लोग जिला चिकित्सालय स्थित मोर्चरी में पहुंचे। देवेश के शव को देखते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। सिपाही की अचानक हादसे में मौत से पुलिस महकमे में भी शोक है।
नहीं दी जा सकी सलामी
बताया गया कि मृतक देवेश चौधरी अविवाहिता थे। परिवार में उनके पिता कारी सिंह बनारस में कपड़े का कार्य करते हैं। बड़े भाई नीरज फिजिकल एजुकेशन के शिक्षक हैं। उनके एक छोटी बहन है। बड़े भाई मां और छोटी बहन के साथ घर पर ही रहते हैं। पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर पुलिस लाइन लाया गया। जहां एसएसपी समेत अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। सूर्यास्त होने के कारण उन्हें सलामी नहीं दी जा सकी। अब उन्हें मथुरा पुलिस लाइन में सलामी दी जाएगी। बुलंदशहर से गादर उनके पार्थिव शरीर को लेकर देर शाम मथुरा के लिए रवाना हो गई।
पुलिस का बयान
गंभीर रूप से घायल देवेश चौधरी की उपचार के लिए हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पोस्टमार्टम और सलामी के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में लेते हुए ट्रक को कब्जे में ले लिया गया। -दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी