कांवड़ यात्रा : सात मार्गों पर भारी वाहनों को ‘नो एंट्री’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांवड़ यात्रा के दौरान जनपद से गुजरने वाले सात मार्गों पर भारी वाहनों के आवागमन पर पाबंदी लगा दी गई है। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए यह निर्णय लिया गया है। निगम और निजी वाहन चालकों के लिए भी गाइड लाइन जारी की गई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर एआरएम ने डिपो के चालकों को आदेश से अवगत करा दिया है।
श्रावण मास के दौरान जनपद के अलावा आसपास के क्षेत्रों के लाखों शिवभक्त हरिद्वार से कांवड़ लेने के लिए रवाना होते हैं। हरिद्वार पहुंचने के बाद कांवड़ में गंगा जल लेकर पैदल अपने गंतव्य तक आते हैं। शिवभक्तों की संख्या अधिक होने से मार्ग पर जाम और सड़क हादसों की आशंका बनी रहती है। इस बार जनपद के प्रमुख मार्गों से गुजरने के दौरान शिवभक्तों को कोई परेशानी न हो और सुरक्षा बरतने के लिए जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
वहीं, यात्रा के दौरान मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगाने के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। एआरएम धीरज सिंह पंवार ने बताया कि डिपो के समस्त चालकों को 30 जुलाई तक जनपद के विभिन्न मार्गों पर चलने के दौरान विशेष सावधानियां बरतने के साथ नियंत्रित गति में बस चलाने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। यात्रा के दौरान शराब का सेवन न करने, मोबाइल पर बात करते हुए बस का संचालन न करने और धूम्रपान न करने के भी निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया जाएगा।
इन मार्गों से गुजरेंगे शिवभक्त
- हापुड़-गुलावठी-बुलंदशहर-खुर्जा-अलीगढ़ मार्ग।
- हापुड़-गुलावठी-सिकंदराबाद मार्ग।
- गढ़-स्याना-नरसेना-ऊंचागांव-अहार मार्ग।
- गढ़-स्याना-औरंगाबाद-बुलंदशहर मार्ग।
- अनूपशहर-अहार-जहांगीराबाद-बुलंदशहर मार्ग।
- अनूपशहर-छतारी-अलीगढ़ मार्ग।
- राजघाट-नरौरा-रामघाट-अतरौली-अलीगढ़ मार्ग।
22 से हर घंटे मिलेगी हरिद्वार के लिए बस
शिवरात्रि को लेकर उप्र परिवहन निगम ने हरिद्वार जाने वाले शिवभक्तों को बस उपलब्ध करवाने का खाका खींच लिया है। एआरएम ने 22 जुलाई से प्रतिदिन 30 बसों को हरिद्वार चलाने के लिए तैयारी कर ली है। वहीं, शिवभक्तों की संख्या अधिक होने पर 20 बसों की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। एआरएम ने बताया कि शिवभक्तों को हरिद्वार पहुंचाने के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएगी। फिलहाल चार बसों को प्रतिदिन हरिद्वार रवाना किया जा रहा है। 22 जुलाई से शिवभक्तों को हरिद्वार छोड़ने के लिए 30 बसें लगाई गई हैं जो प्रत्येक घंटे के अंतराल से रवाना की जाएंगी। यदि शिवभक्तों की संख्या अधिक हुई तो बसों की संख्या बढ़ाने के साथ रवाना होने का समय कम कर दिया जाएगा।
भक्तों ने शुरू की तैयारी
वहीं दूसरी ओर शिवरात्रि नजदीक आते ही शिवभक्तों ने हरिद्वार से कांवड़ लेने जाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। शिवभक्त नरेश सैनी, महेश शर्मा और वरुण शर्मा ने बताया कि सभी अपने जत्थे बनाने में जुट गए हैं। साथ ही मंदिरों की साफ-सफाई और व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के साथ भंडारे लगाने वालों ने भी जगह का चुनाव करना शुरू कर दिया है।
दमकल विभाग मुस्तैद
कांवड़ यात्रा सकुशल और शांतिपूर्ण निपटाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क नजर आ रहा है। कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की आगजनी की घटना से निपटने के लिए डीएम ने सभी रास्तों पर दमकल गाड़ियों को तैयार रहने को कहा है। दमकल विभाग ने भी इसको लेकर कमर कस ली है। एडीएम प्रशासन रवींद्र कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन कांवड़ यात्रा में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए उससे संबंधित विभागों को निर्देश दिया जा रहा है। गुलावठी व अन्य कांवड़ मार्गों पर किसी प्रकार की आगजनी न हो, इसकेे लिए दमकल विभाग को अपनी गाड़ियां लगाने के लिए आदेश दे दिए हैं। वहीं दमकल विभाग के कर्मचारी जगह-जगह दौरा भी करेंगे, ताकि अगर कोई परेशानी हो तो तुरंत उसका निस्तारण कर दिया जाए। जिला अगिभनशमन अधिकारी जयप्रकाश ने बताया कि अफसरों के निर्देश मिल चुके हैं। हमारे पास जितनी भी आग बुझाने की गाड़ियां हैं, उनको मुख्य मार्गों पर कर्मचारियों के साथ तैनात कर दिया जाएगा। कांवड़ियों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है।
निजी दुकानों पर भी शिकंजा कसेगा खाद्य विभाग
कांवड़ यात्रा लगाए जाने वाले शिविरों के लिए खाद्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। जिसमें कहा गया है कि जो भी शिविर लगाए, वहां पर साफ सफाई का विशेष ख्याल रखा जाए। गंदगी बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर शिविर के बाहर कूड़ेदान रखा जाएगा। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि शिविरों के साथ निजी दुकानों पर भी निगाह रखी जाएगी। कहीं किसी खाने में मिलावट या दुकान के बाहर गंदगी न मिले। अगर खाद्य पदार्थ में मिलावट या गंदगी मिली तो शिविर संचालकों व निजी दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीओ गौरीशंकर ने बताया कि कांवड़ियों की सुरक्षा के साथ उनके स्वास्थ्य का भी पूरा ख्याल रखा जाएगा। इसके लिए टीम कांवड़ यात्रा के रास्तों पर मौजूद रहेगी।
कंट्रोल रूम पर 36 कर्मी देंगे 8-8 घंटे की ड्यूटी
कांवड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने कलेक्ट्रेट में ही कंट्रोल रूम बनाया है। इसमें कलेक्ट्रेट के ही 36 कर्मचारी 8-8 घंटे की ड्यूटी देेंगे। डीएम ने लापरवाही बरतने में दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई का आदेश दिया है। वहां पर कर्मी रजिस्टर लेकर बैठेंगे और जो भी शिकायत होगी, उसको तुरंत रजिस्टर में लिखेंगे।
नगर में कांवड़ लाने वालों की राह आसान नहीं
खानपुर शासन द्वारा कांवड़ लाने वालो की सुविधा देने की नीति व आदेशों का नगर में खुलेआम उल्लंघन हो रहा है। करीब दो सप्ताह पहले नगर पंचायत ने इंटर कालेज मार्ग पर नाला खुदवाकर सड़क पर सिल्ट डलवा दी है। बाल मेला लगाने वाले ने सड़क के दोनो ओर पार्किंग व दुकान लगाने को रस्सी से चौबंदी कर दी है। वहीं, लखावटी से खानपुर मार्ग पर पैट्रोल पंप के सामने गड्ढे व उनमें भरा पानी कांवड़ लाने वालाें की राह में बाधा डाल सकता है।