भाजपा सांसद कर गए भूल: भारतीय वायु सेना को बधाई, तस्वीर लगा दी पाकिस्तान के फाइटर जेट की; नेताजी ने दी सफाई
भाजपा सांसद भोला सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि पोस्ट में तस्वीर लगना मानवीय त्रुटि थी। उन्होंने कांग्रेस पर इस गलती को बेवजह राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगाया।
विस्तार
वायु सेना दिवस पर शुभकामना संदेश पोस्ट करना सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री भोला सिंह के लिए सोशल मीडिया पर विवाद का कारण बन गया। सांसद की ओर से एक्स (ट्विटर) पर साझा की गई शुभकामना पोस्ट में भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमान के स्थान पर पाकिस्तान के फाइटर विमान की तस्वीर लगाई गई। पोस्ट सामने आते ही कांग्रेस ने इसे लेकर भाजपा सांसद को घेरना शुरू कर दिया।
पोस्ट हुआ वायरल
गुरुवार को भारतीय वायु सेना का स्थापना दिवस था। इस दौरान सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री भोला सिंह के एक्स अकाउंट से एक शुभकामना पोस्ट की गई। इस पोस्ट में भारतीय वायु सेना के फाइटर जेट के फोटो के बजाए पाकिस्तान के फाइटर जेट का फोटो इस्तेमाल किया गया। सांसद के सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट की गई फोटो तत्काल वायरल हो गई। हालांकि इससे पहले ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने पोस्ट को री ट्वीट कर दिया। इसके बाद सांसद ने पोस्ट डिलीट कर दी, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्ट को लेकर भाजपा सांसद पर तीखे सवाल उठाए।
पवन खेड़ा ने लिखा, 25 साल, हाल बेहाल
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने भोला सिंह की पोस्ट को री-ट्वीट करते हुए लिखा, ‘25 साल, हाल बेहाल।’ इसके बाद पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गई और भाजपा सांसद को लेकर कांग्रेस नेताओं की ओर से टिप्पणियां की जाने लगीं। हालांकि, पोस्ट के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में बना रहा।
पद से हटाने की मांग
वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस के मंडल अध्यक्ष अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा के मेरठ मंडल अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह राघव ने सांसद डॉ. भोला सिंह को पद से बर्खास्त करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय वायुसेना दिवस पर पाकिस्तान के विमान की तस्वीर जारी कर बधाई देना जनपद की जनता और देशभक्ति का अपमान है।
सांसद बोले- मानवीय त्रुटि को बनाया जा रहा राजनीतिक मुद्दा
विवाद के बाद भाजपा सांसद भोला सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि पोस्ट में तस्वीर लगना मानवीय त्रुटि थी। उन्होंने कांग्रेस पर इस गलती को बेवजह राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगाया। सांसद का कहना है कि वायु सेना दिवस पर भारतीय वायु सेना के वीर जवानों और देश की वायु शक्ति को नमन करने के उद्देश्य से शुभकामना संदेश दिया गया था।