बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने एटीएम को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। वहीं, अब चोरों ने डीएवी फ्लाईओवर के निकट स्थित एक बैंक के एटीएम को काटकर चोरी की कोशिश की। लेकिन वह सफल नहीं हुए। आरोपी सीसीटीवी में कैद हुए हैं। पुलिस ने प्रबंधक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र में डीएवी तिराहे के समीप केनरा बैंक का एक एटीएम लगा हुआ है। शनिवार देर रात अज्ञात बदमाशों द्वारा एटीएम मशीन को काटकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया। मशीन के ऊपरी हिस्से को तोड़ दिया गया। बदमाशों ने एटीएम मशीन से कैश निकालने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें कामयाब नहीं मिल सकी। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। अगले दिन सुबह घटना की जानकारी मिलने पर बैंक मैनेजर समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। नगर पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एटीएम का निरीक्षण किया। एटीएम कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी देखा गया। बताया गया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में बदमाश एटीएम मशीन को क्षतिग्रस्त करते हुए नजर आ रहे हैं, लेकिन उनकी पहचान नहीं हो सकी है। केनरा बैंक की रेलवे रोड शाखा के प्रबंधक राहुल कुमार ने नगर कोतवाली में घटना की तहरीर दी है। सीओ सिटी विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की शिनाख्त कर गिरफ्तारी कर ली जाएगी।