बुलंदशहर। जिले के 18 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों का पांच करोड़ से अधिक की राशि से जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण होगा। यह कार्य प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत होना है। इसके लिए विभाग ने इन स्कूलों को योजना में शामिल कर राशि की मांग के लिए शासन को फाइल भेजने की तैयारी कर ली है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों की हालत में सुधार कर उनको आकर्षण का केंद्र बनाने की कवायद चल रही है। इंटरमीडिएट एजूकेशन एक्ट के तहत सहायता प्राप्त इंटर कॉलेजों के भवनों का जीर्णोद्धार, मरम्मत, पुनर्निर्माण, निर्माण एवं अवस्थापना सुविधा के लिए सहयोगी अनुदान देने की योजना बनाई है। जिले में 202 सहायता प्राप्त विद्यालय संचालित हैं। इनमें से अधिकतर स्कूलों के भवन अच्छी हालत में नहीं हैं। वहीं काफी पुराने भी हो चुके हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक शिव कुमार ओझा के अनुसार प्रोजेक्ट अलंकार योजना में उन्हीं सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों को शामिल किया गया है, जो जारी मानक पर खरे उतरते हैं। सभी स्कूलों में होने वाले कार्य के लिए अलग-अलग राशि निर्धारित की गई है। 300 से कम छात्र संख्या वाले स्कूलों को योजना में शामिल नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से चलाए जा रहे प्रोजेक्ट अलंकार के तहत अशासकीय सहायता प्राप्त स्कूलों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए भी सरकार पैसा देगी। इसके लिए शर्तें निर्धारित हैं। 25 प्रतिशत धनराशि स्कूल को वहन करनी होगी।