बुलंदशहर। शासन के आदेश पर शुक्रवार को मुरादाबाद मंडल के 34 अफसरों की 17 टीमों ने बुलंदशहर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। टीम स्टाफ से पूछताछ के अलावा दस्तावेज, उपकरण और भवन आदि की जांच कर रिपोर्ट तैयार कर रही है। साथ ही मरीजों से सुविधाओं के विषय में भी जानकारी ले रही है। वहीं जिले की नौ टीमें संभल में जांच कर रही हैं। प्रदेश के पांच मंडल मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर, झांसी और चित्रकूट की स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत जानने के लिए शासन स्तर से अति गोपनीय योजना के तहत छह से आठ फरवरी तक निरीक्षण होगा। टीम के आने से सभी सरकारी चिकित्सालयों में भी स्टाफ अलर्ट हो गया है। अगर कहीं खामी मिली तो संबंधित पर कार्रवाई होगी। जांच टीम तीन दिन तक सीएचसी, पीएचसी, जिला चिकित्सालय, मेडिकल कॉलेज, उप स्वास्थ्य केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों की जांच करेगी। साथ ही जांच टीम को चेतावनी दी है कि फोन पर मिलने वाली सूचना को लीक नहीं करें और न ही किसी को बताएं। वहीं, टीम को तीन दिन तक जांच की रिपोर्ट तैयार कर जल्द से जल्द भेजनी होगी, जिसके आधार पर सुधार अथवा कार्रवाई की जा सके। सीएमओ डॉ. सुनील कुमार दोहरे ने बताया कि शासन स्तर से स्वास्थ्य सेवाओं का हाल जानने के लिए मुरादाबाद मंडल से 17 टीमें आई हैं। प्रत्येक टीम में दो-दो सदस्य शामिल हैं। यह टीमें स्वास्थ्य सेवाओं की जांच कर रिपोर्ट शासन को प्रेषित करेंगी। टीम को पहले दिन जांच में क्या खामी मिली, इसकी जानकारी नहीं है। संवाद