Budaun News: पत्नी मायके से नहीं आई तो पति बन गया 'वीरू', हाईटेंशन टावर पर चढ़कर किया हंगामा
कुंवरगांव क्षेत्र में एक युवक ने अपनी पत्नी को मायके से बुलाने के लिए हंगामा कर दिया। युवक हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। काफी देर बाद वह नीचे उतरा।
विस्तार
बदायूं के कुंवरगांव क्षेत्र में मायके से पत्नी नहीं आई तो युवक हाईटेंशन विद्युत लाइन के टावर पर चढ़ गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पत्नी की विदा कराने का आश्वासन दिया तो युवक नीचे उतारा। इसके बाद उसका शांतिभंग में चालान किया गया।
गांव कल्लिया काजमपुर निवासी 28 वर्षीय युवक की शादी कुंवरगांव में हुई है। किसी बात पर उसकी पत्नी से कहासुनी हो गई। पत्नी नाराज होकर मायके चली गई। युवक के मुताबिक उसने पत्नी को फोन किया लेकिन वह मायके से नहीं आई। इस पर वह शनिवार सुबह गांव से गुजर रही हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया।
पत्नी को मायके से बुलाने पर अड़ा था युवक
टावर पर चढ़ने के बाद वह हंगामा करते हुए पत्नी को मायके से बुलाने की मांग करने लगा। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक से नीचे उतरने को कहा तो वह पत्नी को बुलाने की मांग करने लगा। काफी देर तक पुलिस उसे नीचे उतारने का प्रयास करती रही, लेकिन वह उतरने को राजी नहीं हुआ।
ईंट भट्ठे पर पका था प्रेम: पति बताकर प्रेमी से रातभर करती थी बात, शादी के 10 दिन बाद विवाहिता मायके से फरार
बाद में पुलिस ने उसकी पत्नी की विदा कराने का आश्वासन दिया तो वह पोल से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले आई। एसएचओ सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि विवाद होने पर युवक की पत्नी पत्नी मायके चली गई है। इसे लेकर वह पोल पर चढ़कर ड्रामा कर रहा था। उसका शांतिभंग में चालान किया गया है।