Budaun News: गोवंश के घायल होने पर भीड़ ने सरकारी डॉक्टर को पीटा, कपड़े फाड़े, कार में तोड़फोड़ की
बदायूं के अलापुर में मंगलवार दोपहर मेडिकल ऑफिसर की कार से गोवंश टकरा गई। गोवंश घायल होने पर ग्रामीणों ने डॉक्टर से मारपीट की। उनके कपड़े फाड़ दिए। पुलिस ने डॉक्टर को बचाया।
विस्तार
बदायूं के म्याऊं क्षेत्र में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर गांव बिचपुरी के पास उसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के मेडिकल ऑफिसर (एमओ) डॉ. राहुल सिद्धार्थ की कार से गोवंश टकराकर घायल हो गया। इससे आक्रोशित हुए ग्रामीणों ने कार पलटने की कोशिश की। डॉक्टर को घसीटकर सड़क पर गिरा लिया। लात-घूंसों से जमकर पीटा। कपड़े फाड़कर अर्धनग्न कर दिया। बमुश्किल भीड़ के कब्जे से पुलिस डॉक्टर को छुड़ाकर म्याऊं थाने ले गई।
घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे हुई। मेडिकल ऑफिसर डॉ. राहुल सिद्धार्थ अपनी कार से उसावां से बदायूं जा रहे थे। गांव बिचपुरी के पास सड़क पर अचानक गोवंश कार के सामने आ गया। टकराने से गोवंश घायल हो गया। गोवंश के खून निकलता देख मौके पर पहुंचे ग्रामीण आक्रोशित हो गए। भीड़ ने कार को घेर लिया और उसे पलटने की कोशिश की। इससे भी ग्रामीणों का आक्रोश शांत नहीं हुआ तो उन्होंने कार में बैठे डॉक्टर को स्टेयरिंग से घसीटकर सड़क पर गिराकर मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस के सामने भी पीटते रही भीड़
पुलिस कर्मी डॉक्टर को बचाने का प्रयास करता रहा। भीड़ नशे में कार चलाने का आरोप लगाते हुए डॉक्टर को पीटती रही। कुछ ग्रामीणों ने तोड़फोड़ कर कार क्षतिग्रस्त कर दी। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद डॉ. राहुल सिद्धार्थ को भीड़ से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें म्याऊं थाने ले जाया गया। उधर, सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया कि ग्रामीणों के लगाए आरोपों की पुष्टि के लिए डॉक्टर का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। इस संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
सीएमओ डॉ. विकास शर्मा ने बताया कि डॉ. राहुल सिद्धार्थ का एक्सीडेंट होने के बारे में जानकारी मिली है। वह कुछ समय से अवकाश पर चल रहे थे। सोमवार को कार्यभार ग्रहण करने के लिए पहुंचे थे, उनसे कुछ अभिलेख मांगे गए थे, जो उन्हें आज दाखिल करने थे। शायद उन्हीं को लेने वह उसावां से बदायूं आ रहे थे। डॉ. राहुल सिद्धार्थ का मेडिकल चेकअप कराया गया है। जांच में उनके चोट नजर आई है। वहीं उनके शरीर में अल्कोहल की पुष्टि नहीं हुई है।
जिलाध्यक्ष प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। किसी का उद्देश्य दुर्घटना करना नहीं है। इसको लेकर डॉ. राहुल सिद्धार्थ के परिवार से संपर्क किया है। उनके साथ मिलकर कानूनी स्टैंड लिया जाएगा। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ की ओर से उच्चाधिकारियों को ज्ञापन दिया जाएगा, क्योंकि किसी को कानून हाथ में लेने का अधिकारी नहीं है।
आरोपियों को चिह्नित कर कार्रवाई करेगी पुलिस
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि डॉक्टर की ओर से घटना के संबंध में तहरीर नहीं दी गई है। घटना के दौरान बनाए गए वीडियो फुटेज को भी देखा जाएगा। वीडियो के आधार पर मारपीट और तोड़फोड़ में शामिल लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।