उज्ज्वला योजना: होली पर बदायूं के 4.27 लाख लाभार्थियों को सौगात, खातों में भेजी गई 23.59 करोड़ की सब्सिडी
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत बदायूं जिले के 4 लाख 27 हजार लाभार्थियों के खातों में निःशुल्क सिलेंडर रिफिल सब्सिडी की धनराशि भेजी गई है। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में जिले की प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने कुछ लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए।
विस्तार
होली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत बदायूं जिले के 4 लाख 27 हजार लाभार्थियों को बड़ी सौगात मिली है। डायट परिसर स्थित ऑडिटोरियम में शनिवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण समारोह संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माध्यमिक शिक्षा एवं जनपद की प्रभारी मंत्री गुलाब देवी मौजूद रहीं। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, विधान परिषद सदस्य प्रतिनिधि शारदेन्दु पाठक, जिलाधिकारी अवनीश राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रति कनेक्शन 552.50 रुपये की दर से अंतरित हुई धनराशि
जिले के 4,27,000 उज्ज्वला कनेक्शन धारकों को 552 रुपये 50 पैसे प्रति कनेक्शन की दर से कुल 23 करोड़ 59 लाख 17 हजार 500 रुपये की सब्सिडी सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। इसके बाद मंचासीन अतिथियों द्वारा 10 उज्ज्वला लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए।
महिलाओं के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव
प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ग्रामीण महिलाओं के जीवन में क्रांतिकारी परिवर्तन लेकर आई है। पहले धुएं में खाना बनाने से महिलाओं को विभिन्न बीमारियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन गैस सिलेंडर मिलने से उन्हें इस समस्या से राहत मिली है। उन्होंने कहा कि निःशुल्क रिफिल से बची धनराशि का उपयोग महिलाएं अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीद में कर सकेंगी।
उन्होंने शासन द्वारा संचालित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं निःशुल्क खाद्यान्न वितरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामूहिक विवाह योजना आदि की भी जानकारी दी और लाभार्थियों से अपील की कि वे दो माह के भीतर अपने उज्ज्वला सिलेंडर की रिफिल अवश्य कराएं, ताकि संबंधित सब्सिडी की धनराशि उनके खातों में समय से अंतरित हो सके।
600 से अधिक लाभार्थी रहे उपस्थित
कार्यक्रम के अंत में जिला पूर्ति अधिकारी सतीश मिश्रा ने सभी अतिथियों, अधिकारियों और उज्ज्वला लाभार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक विजयेंद्र द्विवेदी, नगर मजिस्ट्रेट सुरेश पाल सिंह, आपूर्ति विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधि, गैस एजेंसी संचालक तथा लगभग 600 उज्ज्वला लाभार्थी मौजूद रहे।