उसावां। बाइक और कार की आमने-सामने हुई टक्कर में बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। इलाज के लिए म्याऊं पीएचसी भेजा गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। तीनों की हालत गंभीर देखते हुए परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए बरेली ले गए। जानकारी के मुताबिक, एक रिश्तेदार महिला के अंतिम संस्कार में शामिल होने तीनों गांव सौंधामई जा रहे थे।
रविवार की सुबह करीब 9:30 बजे मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर गांव मरौरी के पास म्याऊं की तरफ से आ रही कार और उसावां की तरफ जा रही बाइक की आमने-सामने से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार ममीर (55) पुत्र समीर, साबिर (45) पुत्र तसुब्बर व सद्दाम अहमद (40) पुत्र नबी हसन घायल हो गए। तीनों बाइक सवार जनपद शाहजहांपुर के थाना व कस्बा मिर्जापुर के रहने वाले हैं, जो रिश्तेदार महिला के अंतिम संस्कार में शामिल होने उसावां थाना क्षेत्र के ग्राम सौंधामई जा रहे थे। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। कार चालक दुर्घटना के बाद कार को घटनास्थल पर ही छोड़कर भाग गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। रिपोर्ट दर्ज कराने को अभी किसी की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।