Budaun News: मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर मैजिक से टकराया भूसा लदा ट्रक, पिता-पुत्र समेत तीन की मौत
फैजगंज बेहटा इलाके में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर गुरुवार सुबह हादसा हो गया। भूसे से ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर मैजिक गाड़ी से टकरा गया, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई।
विस्तार
बदायूं के फैजगंज बेहटा इलाके में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर गुरुवार को ओवरलोड भूसा भरे ट्रक और टाटा मैजिक की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इसमें मैजिक चालक 27 वर्षीय गुलनवाज, 50 वर्षीय हाजी इमरान और उनके 18 वर्षीय बेटे इजहार की मौत हो गई। इमराज का दूसरा बेटा 20 वर्षीय इजहान गंभीर घायल हो गया। परिवार वालों ने उसे मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
Shahjahanpur News: खेत बिक्री के रुपये न देने पर पिता और दादी की गोली मारकर हत्या, आरोपी बेटा फरार
हादसा गुरुवार सुबह करीब सात बजे मुड़िया घुरे की कस्बे के नजदीक हुआ। मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र के मोहल्ला करूला निवासी हाजी इमरान वाहन पार्ट्स का कबाड़ खरीदने का काम करते थे। उन्होंने बदायूं से कबाड़ लाने को अपने मोहल्ले के दानिश का मैजिक वाहन बुक किया था, लेकिन दानिश ने मैजिक लेकर मझोला थाना क्षेत्र के मोहल्ला करूला जयंतीपुर निवासी चालक गुलनवाज पुत्र मोहम्मद सलीम को भेज दिया। हाजी इमरान उसी मैजिक में सवार होकर बेटे इजहार और इजहान के साथ बदायूं आ रहे थे।
अनियंत्रित होकर मैजिक से टकराया ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मैजिक गाड़ी मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर मुड़िया धुरेकी कस्बे के नजदीक पहुंचा था। तभी सामने से तेज रफ्तार ओवरलोड भूसा भरा ट्रक आया। उसका ऊपरी हिस्सा पेड़ की डाल से टकरा गया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर मैजिक से जा भिड़ा। इसमें मैजिक चालक गुलनवाज, उसके पास बैठे हाजी इमरान और पीछे बैठे उनके बेटे इजहार की मौके पर मौत हो गई, तो इजहान गंभीर रूप से घायल हो गया।
कुछ दूरी पर गश्त कर रहे एसओ फैजगंज बेहटा सिद्धांत शर्मा सूचना पर तुरंत पहुंच गए लेकिन इससे पहले ट्रक का चालक और हेल्पर कूदकर भाग गए। एसओ ने घायल इजहान को बिसौली स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया गया। परिवार वालों के पहुंचने पर पुलिस ने दोपहर बाद तीनों शवों के पोस्टमार्टम करा दिए। ट्रक और मैजिक कब्जे में ले लिया गया है। ट्रक नंबर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।