तांत्रिक की काली करतूत: तंत्र-मंत्र से उपचार के नाम पर महिला को ठगा, कहा- लौटकर आऊंगा तब पूरा ठीक करुंगा
गांव लऊआ के सुरजीत की पत्नी सुमन पेट की बीमारी से पिछले कई महीने से परेशान है। तीन अगस्त को उसके घर एक तांत्रिक आया। माताजी के नाम से मशहूर तांत्रिक ने खुद को शाहजहांपुर जिले में कांठ क्षेत्र का निवासी बताया। इलाज करने के नाम पर तांत्रिक ने महिला और उसके परिजन को ऐसा फंसाया कि वह दो-तीन दिनों तक उसकी खातिरदारी भी करते रहे। वह झांसा देकर जेवर व कैश लेकर फरार हो गया है।
विस्तार
बदायूं के उझानी इलाके में पेट की हर बीमारी का इलाज तंत्र विद्या से करने के नाम पर तांत्रिक ने एक महिला को ठग लिया। वह उसके घर दो-तीन दिन रुककर तंत्र क्रियाएं करता रहा। झांसे में आई महिला ने तांत्रिक को अपने जेवरात समेत तीन लाख रुपये सौंप दिए। यही नहीं, तांत्रिक ने अपने एक चेले के माध्यम से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन भी करवा लिया। अगली बार आने की कहकर लापता तांत्रिक फिर नहीं लौटा तो महिला ने परिवार के लोगों के सामने हकीकत बयां कर दी।
ठगी का मामला कोतवाली क्षेत्र के गांव लऊआ का है। गांव के सुरजीत की पत्नी सुमन पेट की बीमारी से पिछले कई महीने से परेशान है। तीन अगस्त को उसके घर एक तांत्रिक आया। माताजी के नाम से मशहूर तांत्रिक ने खुद को शाहजहांपुर जिले में कांठ क्षेत्र का निवासी बताया। इलाज करने के नाम पर तांत्रिक ने महिला और उसके परिजन को ऐसा फंसाया कि वह दो-तीन दिनों तक उसकी खातिरदारी भी करते रहे।
बकौल सुरजीत, तांत्रिक ने उसकी पत्नी को झांसे में लेकर करीब तीन लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवरात हथिया लिए। इसके बाद वह घर से खिसक गया। जाते समय इतना जरूर कहा कि अगली बार आकर सुमन को पूरी तरह ठीक कर देगा। तांत्रिक ने लौटने की बजाय आठ अगस्त को सुरजीत की पत्नी से अपने चेले के खाते में 40 हजार रुपये का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन भी करवा लिया।
ठगी का अहसास होने पर सुरजीत ने गुरुवार दोपहर कोतवाली आकर पुलिस से संपर्क साधा। प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि ऐसा कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। फिर भी इलाके के दरोगा को सच्चाई का पता लगाने के लिए सुरजीत से बात करने के लिए भेजा गया है।