Budaun News: पुलिस झंडा दिवस पर एसएसपी ने किया ध्वजारोहण, कर्तव्यनिष्ठा व ध्वज की गरिमा बनाए रखने का आह्वान
बदायूं में रविवार को पुलिस झंडा दिवस मनाया गया। पुलिस लाइन परिसर में एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) का संदेश पढ़कर सुनाया।
विस्तार
बदायूं में रविवार को पुलिस बल की शौर्य, परंपरा और गौरव के प्रतीक पुलिस झंडा दिवस बड़े ही सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने रिजर्व पुलिस लाइन क्वार्टर गार्द में ध्वजारोहण कर पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को संबोधित किया। उन्हें अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और पुलिस ध्वज की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा भेजे गए संदेश को पढ़कर सुनाया और पुलिस बल को समर्पण, अनुशासन एवं सम्मान के साथ जनता की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया।
एसएसपी ने किया ध्वजारोहण।
यूपी पुलिस को मिला था पहला सम्मान
उन्होंने बताया कि 23 नवम्बर 1952 को तत्कालीन प्रधानमंत्री द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस को उसकी उत्कृष्ट कार्यकुशलता, अदम्य साहस और समर्पित सेवा के लिए पुलिस कलर (पुलिस ध्वज) प्रदान किया गया था। यह दिन इतिहास में महत्वपूर्ण है, क्योंकि उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य पुलिस बल है जिसे यह सम्मान प्राप्त हुआ। शक्ति और निष्ठा का प्रतीक लाल और नीले रंग का यह ध्वज यूपी पुलिस को एक विशिष्ट पहचान देता है।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ह्रदेश कठेरिया ने पुलिस कार्यालय में ध्वजारोहण कर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कर्तव्य, अनुशासन और सम्मान की भावना के साथ कार्य करने को प्रेरित किया। जनपदभर में थाना-चौकियों पर भी ससम्मान पुलिस ध्वज का प्रतीक लगाकर पुलिस झंडा दिवस मनाया गया।
संबंधित वीडियो