सपा विधायक से इंस्पेक्टर की हॉटटॉक: अपराधियों की सिफारिश में न करें कॉल, पुलिस को करने दें काम, फिर खुद आए बैकफुट पर
बदायूं में बिसौली से सपा विधायक आशुतोष मौर्य की इंस्पेक्टर से एक लड़के को थाने में बैठाने को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई। मामले को लेकर विधायक ने अफसरों से इंस्पेक्टर की शिकायत की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं में बिसौली इंस्पेक्टर और सपा विधायक की बुधवार को मोबाइल पर ही हॉटटॉक हो गई। इस पर इंस्पेक्टर ने कह दिया कि आप अपराधियों की मदद को कॉल न किया करें। पुलिस को अपना काम करने दें। नाराज सपा विधायक ने इंस्पेक्टर की पुलिस अधिकारियों से शिकायत की है।
बुधवार को बिसौली पुलिस ने बिजली चोरी के मामले में एक लड़के को थाने में लाकर बैठा लिया था। जबकि वह मामला उसके पिता के खिलाफ दर्ज था। उसमें वारंट जारी हो चुके थे। इस पर लड़के के परिवार वाले बिसौली के सपा विधायक आशुतोष मौर्य के पास पहुंचे। विधायक ने मामले को लेकर बिसौली इंस्पेक्टर ऋषिपाल सिंह को कॉल की। विधायक ने कहा कि जो लड़का कोतवाली लाया गया है वह नाबालिग है। पकड़ना है तो उसके पिता को पकड़ो, लेकिन उस लड़के को छोड़ दो। इस पर दोनों की मोबाइल पर ही हॉटटॉक हो गई।
वहीं इंस्पेक्टर ने कहा है कि आप हमेशा अपराधियों की मदद करते हैं। पुलिस को अपना काम नहीं करने दे रहे। वारंटियों को छुड़ाने को कहते हैं। इससे उन्हें कॉल न करें। इस पर विधायक ने पुलिस अधिकारियों को कॉल करके इंस्पेक्टर की शिकायत की है। अधिकारियों ने भी इंस्पेक्टर को जन प्रतिनिधियों से ठीक से बात करने को कहा है।
विधायक बोले मेरी किसी से हॉटटॉक नहीं हुई
बिसौली के सपा विधायक आशुतोष मौर्य का कहना है कि मेरी किसी से हॉटटॉक नहीं हुई थी। पुलिस ने नाबालिग लड़के को पकड़ा था। उसके खिलाफ कोई मामला भी दर्ज नहीं था। इसलिए मैंने अपनी बात रखी थी। इंस्पेक्टर इसे अन्यथा ले गए। कोई खास बात नहीं थी।
इंस्पेक्टर बोले आग्रह किया था कि पुलिस को उसका काम करने दें
इंस्पेक्टर बिसौली ऋषिपाल सिंह का कहना है कि हम एक वारंट के मामले में आरोपी के बेटे को बुलाकर थाने लाए थे। उसके माध्यम से उसके पिता को बुलाकर कोर्ट में पेश करना चाहते थे। उसे बाद में हमने उसे खुद ही जाने दिया। जनप्रतिनिधि की कॉल इसी को लेकर आई थी। तब उनसे आग्रह किया था कि पुलिस को उसका सामान्य काम करने दें। हमारी उनसे बात होती रहती है।