बदायूं: पत्नी की मौत के मामले में सॉफ्टवेयर इंजीनियर गिरफ्तार, दहेज हत्या के आरोप में चार पर रिपोर्ट
उझानी में विवाहिता नीतू साहू की मौत के मामले में सॉफ्टवेयर इंजीनियर पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी पति को शनिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
बदायूं के उझानी में विवाहिता नीतू साहू की मौत के मामले में उसके सॉफ्टवेयर इंजीनियर पति समेत परिवार के चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इन सभी पर दहेज के लिए हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी पति को शनिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया।
घटना दो दिन पहले रामलीला मैदान इलाके में हुई थी। मृतका नीतू के पिता कासगंज में सोरों गेट स्थित जयजयराम नगर निवासी विनोद साहू ने पुलिस को बताया कि उन्होंने बेटी की शादी करीब चार साल पहले श्रीनारायणगंज मोहल्ले में रामलीला मैदान इलाके के निवासी विशाल साहू पुत्र राजीव साहू के साथ की थी।
उनकी बेटी के दो साल का बेटा भी है, लेकिन उसके पति समेत परिवार के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग किया करते थे। मांग पूरी नहीं हुई तो पति और उसके परिजनों ने नीतू का प्रताड़ित किया। दो दिन पहले रात में पिटाई कर नीतू की हत्या कर शव फंदे से लटका दिया था।
पति समेत चार पर रिपोर्ट दर्ज
पुलिस ने मृतका के पिता की सूचना के बाद नीतू के शव का पोस्टमॉर्टम भी कराया था। बेटी के शव का दाह संस्कार करके लौटने के बाद उन्होंने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी पति विशाल के साथ ससुर राजीव, सास प्रवीना और देवर अर्जुन उर्फ सार्थक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि आरोपी पति विशाल को गिरफ्तार कर उसका मेडिकल कराया गया है। कोर्ट में पेश किया। उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस ने दबिश दी है।