बदायूं। समर कैंप पर अपनी भूमिका को लेकर अनुदेशक संघ के जिलाध्यक्ष प्रत्येक दुबे ने बीएसए के माध्यम से परियोजना महानिदेशक को आठ सूत्रीय ज्ञापन भेजा है। कहा कि उनकी संविदा 16 जून से 31 मई तक है, ऐसे में एक जून से 15 जून तक समर कैंप में कैसे जा पाएंगे। अतः संविदा को बढ़ाकर 11 महीना 29 दिन कर दिया जाए।
महिला अनुदेशकों को गर्मी की छुट्टी में अपनी तमाम रिश्तेदारियों में जाना पड़ता है, समर कैंप के चलते जो संभव न हो सकेगा। उनके अंतर जनपदीय स्थानांतरण होने पर भी बाधाएं आएंगी। कैंप में सहभागिता अनिवार्य न की जाए। कैंप का समय सुबह साढ़े छह से साढ़े आठ बजे तक का किया जाए ताकि बच्चों को हीट-वेव से बचाया जा सके। समरकैंप संचालन को मानदेय राशि 6000 रुपये तय किया जाय। विभाग द्वारा ऑडियो, वीडियो, चित्र इत्यादि यथोचित सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। समर कैंप की ट्रैकिंग प्रेरणा पोर्टल के माध्यम से होगी। इसलिए शिक्षकों की भूमिका स्व प्रेरित न होकर अनिवार्य की जानी चाहिए। ज्ञापन देने पहुंचे अनुदेशकों में अमित उपाध्याय, सुनील कुमार शाक्य, प्रेम नारायण शाक्य, महावीर, अनुराग, नीतू, सुमन, निधि राठौर, प्रतिभा शंखधार, नीरज, अमित वर्मा, अमन भाटिया, अनुराग, उमेश आदि शामिल रहे।