UP: पुलिसकर्मियों ने दूल्हे को सिपाही बताकर कराई शादी, महिला ने डीजीपी से लगाई गुहार, तब दर्ज हुई रिपोर्ट
महिला की शादी 19 साल साल पहले सुरेश नाम के युवक हुई थी। दो पुलिसकर्मियों ने सुरेश को सिपाही बताया था। शादी के तीन साल बाद महिला को सच्चाई पता चली। बाद में सुरेश ने पत्नी को घर निकाल दिया। पीड़िता ने अब पति और दो सिपाहियों समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं में दूल्हे को सिपाही बता शादी कराने वाले बिनावर थाने के दो सिपाही अब जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। यह आरोप लगाने वाली महिला ने आरोपियों पर कार्रवाई के लिए पुलिस महानिदेशक से गुहार लगाई। डीजीपी के निर्देश पर बिनावर थाने में उसके पति और दो सिपाहियों समेत चार के खिलाफ मुकदमा तो दर्ज कर लिया लेकिन पुलिस को यह पता ही नहीं कि वर्तमान में दोनों सिपाही तैनात कहां हैं?
मामला 19 साल पुराना है। खुनक गांव की रहने वाली शन्नो के अनुसार सीतापुर के महोली थाना क्षेत्र के गांव नरनी निवासी सुरेश दीक्षित का रिश्ता लेकर उसका भाई बिनावर थाने के सिपाही अवधेश और केशव उर्फ कौशल उसके घर आए। सुरेश को सिपाही बताकर रिश्ता तय किया लेकिन शादी के तीन साल बाद उसके पुलिस में न होने का पता चल गया। तब तक उसकी बेटी हो चुकी थी जिसकी कुछ समय बाद मौत हो गई थी। बाद में सुरेश ने उसे घर से निकाल दिया।
ये भी पढ़ें- Ramleela: दानिश बनते हैं श्रीराम... दशरथ रईस खान, यहां रामलीला में मुस्लिम कलाकार निभाते हैं अहम किरदार
पीड़िता ने कोर्ट में दायर किया था वाद
शन्नो ने हर्जा-खर्चा के लिए कोर्ट की शरण ली तो सुरेश ने घर से जेवर-नकदी चुराकर भागने का वाद दायर किया। दस साल तक मामला कोर्ट में चला। 4 दिसंबर 2022 को शन्नो ने सुरेश पर घरेलू हिंसा और धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई। उसने अवधेश और केशव को भी आरोपी बनाया।
इस मामले में पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की, जिसमें दोनों सिपाहियों के नाम मुकदमे से हटा दिए। इस पर शन्नो ने दोनों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट लिखवाने की कोशिश की लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। थक-हारकर वह शिकायत लेकर लखनऊ में डीजीपी दफ्तर पहुंची।
डीजीपी के निर्देश पर अब बिनावर थाने में सुरेश, उसके चचेरे भाई खुरमल्ली, सगे भाई अवधेश और चचेरे भाई केशव के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है।
महिला ने बताया कि सुरेश ने अब दूसरी शादी कर ली है। उसकी पत्नी केशव की सगी साली है। उसके तीन बच्चे हैं। इस संबंध में वह एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगा रही थी लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई।
सीओ सिटी आलोक मिश्रा ने बताया कि महिला की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है क्योंकि मामला पुराना है इसलिए अभी यह पता नहीं चला है कि सिपाहियों की तैनाती इस वक्त कहां हैं। विवेचना के दौरान इसकी जानकारी जुटाकर कार्रवाई की जाएगी।