Budaun News: पुलिस ने ककराला के तीन तस्करों को किया गिरफ्तार, 30 किलो गांजा बरामद
ककराला के रहने वाले तस्कर ओडिशा से गांजा लेकर आए थे। गांजे के जिले में सप्लाई करना था। उससे पहले ही पुलिस ने तीनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
बदायूं में शहर कोतवाली पुलिस ने गांजा के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 30 किलो गांजा बरामद हुआ है। तीनों तस्कर ओडिशा से गांजा खरीदकर लाए थे। वह उसे ककराला ले जा रहे थे। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया है।
कोतवाली इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह, एसआई अनिल कुमार राणा और महेश पाल सिंह रविवार रात शहर और उसके आसपास इलाके में गश्त कर रहे थे। उनकी टीम गश्त करते हुए बाईपास पर आसरा आवास के नजदीक चौराहे पर पहुंची थी। तभी सरदार पटेल चौराहे की ओर से एक कार आती दिखाई दी।
पुलिस को देख भागने लगे थे तस्कर
पुलिसकर्मियों ने कार को चेक करने के लिए रोकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर कार सवार हड़बड़ा गए। उन्होंने कार रोक ली लेकिन उससे उतरकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए तीन लोगों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर कार से 30 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस उन्हें कोतवाली ले गई, जहां उनसे पूछताछ की गई।
इस दौरान तस्करों ने अपने नाम ककराला निवासी फूल मियां पुत्र सद्दीक पठान, सोहेल पुत्र मुन्ने पठान और फरहान खान पुत्र रिहान खान बताए। उन्होंने बताया कि वह उड़ीसा से गांजा खरीदकर लाए थे। वह ककराला ले जा रहे थे। जहां वह गांजा बेच देते लेकिन इससे पहले पकड़े गए।
उनसे बरामद गांजा की कीमत करीब 4.20 हजार बताई गई है। पुलिस ने उनकी कार कब्जे में लेकर सीज कर दी है। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।