सिलहरी। मेहंदी प्रतियोगिता में कक्षा आठ की छात्रा नीलम ने पहला स्थान पाया है। शुक्रवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय सिगोई में हरियाली तीज के अवसर पर छात्राओं के बीच प्राकृतिक पत्तेदार मेहंदी लगाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पारंपरिक अंदाज में मेहंदी लगाई।
प्रतियोगिता में कक्षा आठ की नीलम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा छह की रश्मि को दूसरा और स्वाति को तीसरा स्थान मिला। विजेता छात्राओं को विद्यालय की ओर से उपहार देकर सम्मानित किया गया। शिक्षकों ने इस अवसर पर छात्राओं को प्राकृतिक मेहंदी के महत्व और कैमिकल युक्त मेहंदी के दुष्प्रभावों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि बाजार में बिक रही मेहंदी में कई बार हानिकारक रसायन होते हैं, जो त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे में हमेशा पत्तों से बनी प्राकृतिक मेहंदी का ही प्रयोग करें। कार्यक्रम में शिक्षक अनुराग सक्सेना, संगीता रस्तोगी, नेहा सक्सेना, संध्या राठौर, धर्मेंद्र सिंह व नेहा आदि मौजूद रहे।