सिर काटकर किसान की हत्या: खेत में ट्यूबवेल पर दो टुकड़ों में मिला शव, चार लोगों के खिलाफ एफआईआर
बदायूं के कुंवरगांव थाना क्षेत्र में एक किसान की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। किसी ने उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। मंगलवार सुबह किसान का शव ट्यूबवेल पर मिला। इसकी खबर मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई।
विस्तार
बदायूं के कुंवरगांव थाना क्षेत्र में गांव बिहारी की गौटिया निवासी किसान मुकदम उर्फ बांकेलाल की धारदार हथियार से गर्दन काटकर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह उनका शव खेत पर उसके ट्यूबवेल के सामने पड़ा मिला। परिवार वालों ने जमीन की रंजिश बताते हुए चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस इसकी छानबीन में जुटी हुई है।
ग्राम बिहारी की गौटिया निवासी मुकदम उर्फ बांकेलाल (50) खेतीबाड़ी करते थे। वह दो भाइयों में बड़े थे और उनकी शादी नहीं हुई थी। परिवार वालों का कहना है कि बांकेलाल सोमवार रात अपनी बाइक लेकर गंगा एक्सप्रेस-वे किनारे अपने खेत पर फसल की रखवाली करने गए थे। इसके बाद वह रातभर घर नहीं आए। मंगलवार सुबह उनके छोटे भाई राजपाल के बेटे अर्जुन और भूपेंद्र अपनी साइकिल से स्कूल जा रहे थे। तभी उन्होंने गंगा एक्सप्रेस-वे किनारे बांकेलाल की बाइक खड़ी देखी।
UP News: ऑनलाइन ऑर्डर किया मोबाइल फोन, पार्सल में निकली ऐसी चीज, जिसे देखकर युवक रह गया दंग
दोनों छात्र साइकिल खड़ी करके ट्यूबवेल की ओर बढ़ गए। वहां उन्होंने बांकेलाल का शव पड़ा देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत अपने परिवार वालों को सूचना दी, जिससे परिवार वाले रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में गांव के तमाम लोग और थाने से इंस्पेक्टर इंद्र कुमार पहुंच गए। किसान की किसी धारदार हथियार से गर्दन काटकर हत्या की गई थी। किसान का सिर धड़ के नजदीक में पड़ा था।
गांव के चार लोगों पर रिपोर्ट
सूचना पर एसएसपी आलोक प्रियदर्शी, एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव और सीओ सिटी आलोक मिश्रा मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया। छानबीन के दौरान किसान की जैकेट और हेलमेट घटनास्थल से कुछ दूर पड़े मिले। किसान के दो मोबाइल फोन गायब हैं। छोटे भाई राजपाल ने जमीन की रंजिश बताते हुए अपने गांव के नेत्रपाल, गंगाधर, दीपचंद्र और भूपेंद्र चारों सगे भाइयों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है। अभी कोई आरोपी पकड़ा नहीं गया है। किसान के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है।
एसएसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव बिहारी की गौटिया में किसान बांकेलाल की धारदार हथियार से काटकर हत्या हुई है। इसमें छोटे भाई की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इसकी छानबीन के लिए पुलिस टीम लगा दी गई है। जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।