बदायूं में मां-बेटे की मौत: हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दोनों को कुचला, ओवरटेक के चक्कर में हुआ हादसा
बदायूं के ओरछी क्षेत्र में ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक पर सवार मां-बेटे हाईवे पर गिर गए। पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ट्रॉली ने दोनों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। बाइक सवार दो अन्य की बाल-बाल जान बची।
विस्तार
बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव नागपुर भानपुर निवासी पूजा (24) पत्नी अंशू मंगलवार शाम अपने नौ माह के बेटे अंश, बहन सुरभि (19) और भाई अमन सागर के साथ बाइक पर रिश्तेदारी में मुरादाबाद के बिलारी जा रही थीं। अमन बाइक चला रहा था।
ये भी पढ़ें- बदायूं में बुखार से मासूम की मौत: डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप, परिजनों ने किया हंगामा
पुलिस के मुताबिक बिलारी में पूजा की एक बहन ब्याही है। पूजा का मायका इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव ठेरिया में है। वह करीब एक माह पहले अपनी ससुराल से मायके गई थी। मंगलवार शाम मायके से ही अपनी बहन के घर बिलारी जा रही थी। उनकी बाइक फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में ओरछी चौराहे पर पहुंची थी।
ओवरटेक करने के प्रयास में हादसा
अमन ने आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से ओवरटेक करने की कोशिश की लेकिन तभी अचानक सामने से एक बस आ गई। उसके डर से अमन की बाइक अनियंत्रित हो गई। इसी दौरान अचानक पूजा के हाथ से बेटा छूट गया। तभी वो भी बाइक से उतर गई और दोनों मां-बेटे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गए।
हादसे को देखकर मौके पर मौजूद लोग दौड़ पड़े। वहां मौजूद सिपाही भी आ गए। वह दोनों मां-बेटे को तुरंत निजी अस्पताल ले गए, जहां से दोनों को चंदौसी रेफर कर दिया गया लेकिन वहां पहुंचकर डॉक्टर ने पूजा व उसके बेटे अंश को मृत घोषित कर दिया। हादसे में अमन और उसकी बहन सुरभि बाल बाल बच गई।
कादरचौक में तेज रफ्तार टेंपो पलटा, मासूम की मौत
कादरचौक थाना क्षेत्र में बिचौला गांव के नजदीक मंगलवार शाम एक टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें ढाई माह के बालक मोहित की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि टेंपो शाम के समय बदायूं से कादरचौक सवारियां लेकर आ रहा था। टेंपो की रफ्तार ज्यादा तेज थी। तभी बिचौला गांव के नजदीक पहुंचते ही अचानक टेंपो पलट गया।
उसमें सवार कैथोला निवासी ढाई माह के बालक मोहित पुत्र इंद्रेश की मौत हो गई। जबकि उसकी मां अंजलि, लखनपुर निवासी शांति पत्नी सत्यभान, उनकी बेटी निकिता, खिरिया बाकरपुर निवासी अंकित पुत्र राजेंद्र, कादरचौक निवासी ताजो पत्नी इशाक और टेंपो चालक बंटी घायल हो गया। थाना पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया है।