साधु को पीएमओ से मिला आश्वासन
विकासखंड समरेर के गांव सिसैया गुसाई के साधु रामलड़ैते शर्मा उर्फ धारानंद सरस्वती भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग छेड़े हुए हैं। लंबे समय से वह गांव के ही भ्रष्ट लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं। समुचित कार्रवाई न होने पर उन्होंने 22 अप्रैल को दिल्ली में पीएम आफिस के सामने आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी। उनकी इस चेतावनी को संज्ञान लेते हुए पीएमओ के सेक्शन आफीसर ब्रह्मराम ने कार्रवाई कराने का आश्वासन देकर उनको आत्मघाती कदम न उठाने को कहा। पीएमओ से सेक्शन आफीसर का पत्र लेकर लौटे धारानंद ने बताया कि उनके गांव में सरकारी योजनाओें में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। खुलेआम हरे पेड़ कटवाए जा रहे हैं। पात्र लोगों को न आवास मिल रहे और न ही राशन। उन्होंने जिला स्तर से लेकर मुख्यमंत्री तक को पत्र भेजे, लेकिन जांच के नाम पर खानापूरी की गई। इस कारण भ्रष्टाचारियों हौसले बुलंद हैं। सुनवाई न होने पर उन्होंने पीएम आफिस के बाहर आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी। इस पर वहां के सेक्शन आफीसर ने उनको ऐसा न करने की सलाह दी और इस मामले में कार्रवाई कराने को आश्वासन भी दिया है। इसके चलते उन्होंने अपने निर्णय को 27 जुलाई तक के लिए त्याग दिया है।