Budaun News: केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा बोले- गांव के विकास का सशक्त माध्यम है वीबी-जी-राम-जी
बदायूं के उझानी क्षेत्र में भाजपा ने वीबी-जी-राम-जी जनजागरण अभियान के तहत गांवों में चौपाल का आयोजन किया। इसमें केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने लोगों को संबोधित किया।
विस्तार
बदायूं के उझानी में विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन- ग्रामीण (वीबी–जी-राम-जी) जनजागरण अभियान के तहत रविवार को भाजपा ने श्रमिक एवं किसान चौपाल सम्मेलन का आयोजन किया। उझानी क्षेत्र के ग्राम पीर खदना, ज्योरा एवं अथैया में यह कार्यक्रम हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि विकसित भारत–जी-राम-जी योजना गांव, किसान और श्रमिक को केंद्र में रखकर ग्रामीण भारत को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का माध्यम बनेगी।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को प्रतिवर्ष 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी जाएगी, जिससे उन्हें स्थायी आजीविका का आधार मिलेगा। उन्होंने बताया कि योजना में समयबद्ध मजदूरी भुगतान, रोजगार उपलब्ध न होने की स्थिति में बेरोजगारी भत्ता तथा भुगतान में देरी होने पर मुआवजे का प्रावधान है, जिससे श्रमिकों का विश्वास व्यवस्था में और मजबूत होगा।
गांवों में ही रोजगार के स्थायी अवसर सृजित होंगे- वर्मा
बीएल वर्मा ने कहा कि बोआई और कटाई जैसे प्रमुख कृषि सीजन के दौरान कार्य में आवश्यक ठहराव की सुविधा भी दी गई है, ताकि खेती प्रभावित न हो और किसान अपनी कृषि गतिविधियों पर पूरा ध्यान दे सकें। उन्होंने यह भी बताया कि ‘विकसित भारत–जी-राम-जी’ के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई, संपर्क मार्गों के निर्माण तथा कौशल विकास को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे गांवों में ही रोजगार के स्थायी अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि यह मिशन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएगी। इस अवसर पर जिला महामंत्री एमपी सिंह राजपूत, ब्लॉक प्रमुख शिशुपाल शाक्य, मोहित तोमर, अजय तोमर, आनंद मिश्रा, रजत शाक्य, शिवकुमार वर्मा, विवेक दिवाकर, पुष्पेंद्र वर्मा, तोताराम वर्मा, मटरूलाल वर्मा, झम्मनलाल वर्मा, रामनिवास यादव आदि उपस्थित रहे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.