बदायूं। जल स्तर कम होने के बाद गंगा ने सहसवान में गंगा-महावा बांध पर कटान तेज कर दिया है। दरअसल, अक्तूबर मध्य गंगा में आई भारी बाढ़ के कारण कई दिनों तक गंगा-महावा बांध पर हालात अतिसंवेदनशील बने रहे। पिछले कई दिन से गंगा का जलस्तर सामान्य है। कुछ इलाकों में बाढ़ का पानी अब भी तेजी से उतर रहा है। इसका असर कटान के रूप में दिख रहा है।
अक्तूबर मध्य में भारी वर्षा के कारण गंगा में कई दिन तक नरौरा बैराज से रोज दो लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा गया था। एक लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी आने की दशा में ही गंगा खतरे के निशान को पार कर देती हैं। लगातार दो लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी आने के कारण हालात बेकाबू से हो गए थे। बाढ़ के दौरान गंगा-महावा बांध कुछ हिस्सों में क्षतिग्रस्त हो गया था। ऐसे में अब तेजी से पानी उतरने के कारण कटान हो रहा है। बाढ़ खंड ने टीमें लगाकर गंगा-महावा बांध पर किमी संख्या 20.400 पर बाढ़ खंड की टीमें कटान रोकने में लगी र्हुइं हैं। यहां बालू भरे कट्टे लगाए जा रहे हैं। सहायक अभियंता नेशपाल सिंह ने बताया कि गंगा-महाबा बांध पर कटान हो रहा है। जलस्तर कम होने की दशा में यह कटान हो रहा है, कोई गंभीर समस्या नहीं है। संवाद