सैदपुर। नायब तहसील सदर के नेतृत्व में गठित राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ ग्राम करकटपुर पहुंचकर ग्राम समाज की भूमि से अवैध कब्जा हटवाया। कब्जा मुक्त कराने के बाद उस भूमि को पौधरोपण के लिए चिह्नित कर दिया गया है।
नायब तहसीलदार सृजन कुमार यादव ने बताया करकटपुर के ग्राम प्रधान राज कुमार की शिकायत पर लेखपाल और कानूनगो से जांच कराई गई थी। जांच रिपोर्ट में कहा गया था कि फौजी हीरालाल जाटव ने जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। उसे हटाने का नोटिस दिया गया लेकिन कब्जा हटाने के बजाय उसने निर्माण शुरू कर दिया। इसलिए अब पुलिस बल के साथ जेसीबी से अवैध निर्माण को ध्वस्त कराकर ग्राम समाज की भूमि को कब्ज़ा मुक्त कराया गया है। अब इस भूमि पर पौधरोपण कराया जाएगा। कब्जा हटाने गई टीम में एसआई सुभाष कुमार, कानूनगो सर्वेश कुमार यादव, लेखपाल लोकपाल कुमार, लेखपाल शोभित कुमार मौजूद रहे।